लगातार बदल रहे मौसम और आसमान में छाए काले बादलों को देख किसानों की चिंता बढ़ गई हैं। बारिश हुई तो सरसों के साथ ही निचले इलाकों में गेहूं की फसल को नुकसान हो सकता है। बारिश के साथ तेज हवा चलने और ओले पड़ने की संभावना से किसानों के चेहरे उड़े हुए हैं।
मंगलवार सुबह साढ़े नौ बजे घनघोर कोहरा छाया रहा। दस बजे तक कोहरा छट गया था। इसके बाद धूप निकल आई। दोपहर तक मौसम साफ रहा। दो बजे के बाद मौसम ने पलटी मारी। गजरौला और उसके आस पास आसमान में काले बादल छा गए। लगातार मौसम के बदलते मिजाज से किसानों की चिंता बढ़ गई हैं। किसानों को बेमौसम बारिश हो जाने का डर सता रहा है। बारिश पड़ी तो ओले पड़ने की संभावना के साथ ही तेज हवा चलने से इनकार नहीं किया जा सकता। बेमौसम बरसात हुई तो सबसे अधिक नुकसान सरसों की फसल को होगा। इसके अलावा निचले इलाकों के लिए बारिश सबसे अधिक नुकसानदेह होगी।
कुदैना के सुरेंद्र, मोहम्मदाबाद निवासी रिफाकत, ओसीता जगदेवपुर के चंद्रपाल आदि किसानों का कहना है कि चार दिन पूर्व हुई बारिश से ही निचले इलाकों में गेहूं व सरसों की फसल को अभी राहत नहीं मिली है। दोबारा बारिश हुई तो फसल की वृद्धि रुक जाएगी। कृषि वैज्ञानिक डॉ.अरविंद कुमार मिश्र का कहना है कि बेमौसम बारिश हुई तो सरसों की फसल ढह जाने का डर रहता है। बारिश में ओले पड़ने की भी संभावना रहती है।