Uproar over stopping election meeting in BSP candidate's office
- फोटो : JPNAGAR
बसपा प्रत्याशी के चुनाव कार्यालय में चल रही सभा को पुलिस द्वारा रोकने पर हंगामा हो गया। आरोप है बसपा कार्यकर्ताओं ने चौकी इंचार्ज के साथ अभद्रता की। बसपा प्रत्याशी ने आरोप लगाया है कि चुनाव कार्यालय में तोड़फोड़ कर पुलिस ने कुर्सियों को फेंक दिया। पुलिस ने पार्टी कार्यकर्ताओं को लाठियां फटकार कर खदेड़ दिया। सीओ सिटी ने कहा कि पूरे मामले की छानबीन के बाद आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
सीओ सिटी विजय कुमार राणा ने बताया कि मंगलवार की देर रात नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नोगजा स्थित बसपा प्रत्याशी नावैद अयाज के चुनाव कार्यालय पर बगैर अनुमति सभा चल रही थी। सभा की सूचना मिलने पर रज्जाक बाजार चौकी प्रभारी अरुण कुमार मौके पर पहुंच गए। चौकी प्रभारी ने बसपा प्रत्याशी से सभा के लिए अनुमति पत्र दिखाने को कहा। सीओ ने बताया कि इसी मसले को लेकर बसपा कार्यकर्ताओं ने चौकी प्रभारी से अभद्रता की और उन्हें जबरन अपने बीच बैठा लिया। चौकी प्रभारी के साथ धक्कामुक्की की गई। इस घटना की सूचना मिलने पर नगर कोतवाली और नौगांवा सादात पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भीड़ पर लाठियां फटकारी। पुलिस से बसपा प्रत्याशी की झड़प भी हुई। पुलिस ने चुनाव कार्यालय में सभा को बंद करा दिया। बसपा प्रत्याशी नावैद अयाज का आरोप है कि पुलिस ने जानबूझकर कर समर्थकों के साथ मारपीट की। उनके चुनाव कार्यालय में तोड़फोड़ की गई और कुर्सियां फेंक दीं। चुनाव कार्यालय पर कोई सभा नहीं हो रही थी।