सात फीसदी ब्याज पर भड़के किसानों ने शुक्रवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, जिला सहकारी बैंक की शाखाओं पर ताले लगा दिए। इसके बाद किसान वहीं धरने पर बैठ गए और तीन फीसदी से अधिक ब्याज न देने की हुंकार भरी। इस बीच पहुंचे एआरओ के तीन फीसदी ब्याज की ही वसूली के आश्वासन पर किसानों ने धरना समाप्त कर दिया।
भाकियू के बैनर तले किसान शुक्रवार को जोया पहुंचे। किसानों से सात फीसदी ब्याज के साथ की जा रही कर्ज वसूली के विरोध में जिला सहकारी बैंक की शाखा पर ताला लगा दिया और धरने पर बैठ गए। नारेबाजी करते हुए कहा कि तीन प्रतिशत वार्षिक ब्याज के साथ ही अदायगी करेंगे। काश्तकारों का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
दोपहर के बाद बैंक के एआरओ किसानों के बीच पहुंचे और आश्वासन दिया कि, कर्ज पर तीन प्रतिशत का ही ब्याज वसूला जाएगा। एआरओ के आश्वासन पर किसानों ने धरना समाप्त कर दिया। धरने में विजयपाल सिंह, योगेंद्र सिंह, जयदेव सिंह, शीशराम सिंह, जितेंद्र सिंह, महेंद्र सिंह, मोहम्मद शाकिर, अरविंद सिंह, मोहम्मद आरिफ, सुखवीर सिंह, धर्मवीर सिंह, देवराज सिंह आदि मौजूद रहे।
उधर, रजबपुर में भाकियू जिलाध्यक्ष उम्मेद सिंह के नेतृत्व में किसानों ने जिला सहकारी बैंक की शाखा पर ताला लगाने के बाद जमकर नारेबाजी की। फोन पर जिला सहकारी बैंक के अफसरों से हुई वार्ता में तीन प्रतिशत ब्याज के साथ वसूली के आश्वासन पर किसानों ने धरना खत्म किया। इस दौरान रामपाल सिंह, रवि, जयपाल सिंह, सोमपाल सिंह, बलवीर सिंह, सतेंद्र सिंह, परम सिंह आदि किसान मौजूद रहे।