आदमपुर। थाना क्षेत्र के गांव काई मुस्तकाम में रक्षाबंधन पर खेत में सिंचाई करने गए किसान की करंट लगने से मौत हो गई। किसान मनवीर (29) धान की फसल में पानी लगाने के लिए ट्यूबवेल पर गए थे। स्टार्टर का बटन दबाते ही उसमें उतरे करंट की चपेट में आकर वह बेसुध होकर गिर पड़े।
परिजन उसे आनन-फानन में रहरा के निजी अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही मनवीर ने दम तोड़ दिया। किसान की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। मनवीर के पत्नी, तीन बेटियां और एक बेटा है। सीओ पंकज कुमार त्यागी ने बताया कि मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। संवाद