गजरौला। मकान की छजली गिरने से होशंगपुर गुर्जर गांव निवासी किसान रुमाल सिंह (58) की मौत हो गई। परिजन उन्हें सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गांव निवासी रुमाल सिंह के मकान में बृहस्पतिवार को राजमिस्त्री काम कर रहे थे। बताया गया कि रुमाल सिंह छजली के नीचे खड़े होकर चाय पी रहे थे, तभी अचानक छजली भरभराकर गिर गई। मलबा ऊपर गिरने से उन्हें गंभीर चोटें आईं। परिजन उन्हें उपचार के लिए सीएचसी ले गए, जहां उनकी मौत हो गई। परिजन पहले बिना पुलिस कार्रवाई के शव घर ले गए, लेकिन बाद में उसे लेकर लौटे और पोस्टमार्टम कराने को कहा। इसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ अंजलि कटारिया ने बताया कि किसान के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। संवाद