हसनपुर(अमरोहा)। धनराशि दोगुनी करने के नाम पर फर्जी कंपनी द्वारा महिला के 3.50 लाख रुपये हड़प कर लिए। इसके बाद आरोपी कंपनी का कार्यालय बंद करके फरार हो गए। न्यायालय के आदेश पर रहरा पुलिस ने दो सगे भाइयों समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपी और कई लोगों के रुपये लेकर भाग गए हैं।
रहरा थानाक्षेत्र के गांव बरतौरा निवासी ममता पत्नी सतपाल सैनी के मुताबिक क्षेत्र के गांव उकाबली निवासी दो सगे भाइयों ने संभल के एक व्यक्ति के साथ मिलकर करीब छह साल पहले गांव उकाबली में जीएफआई निधि इंडिया के नाम से कंपनी का कार्यालय खोला था। जिसमें फिक्स डिपॉजिट करने पर धनराशि दोगुनी करने का लालच दिया गया था। महिला ने बताया कि दो बार में करीब 3.50 लाख रुपये अलग-अलग पॉलिसी में जमा कराए थे। पॉलिसी की समय सीमा पूरी होने पर कंपनी के कार्यालय पहुंची तो आरोपियों ने भुगतान के नाम पर एक लाख का चेक दिया। जिसे हसनपुर के पंजाब नेशनल बैंक में लगाया तो खाते में धनराशि नहीं होने के चलते चेक बाउंस हो गया। इसकी शिकायत करने महिला आरोपियों के पास पहुंची तो आरोपियों ने कुछ दिन बाद पॉलिसी के पैसे लौटाने का भरोसा दिया। जून 2021 में इसके बाद आरोपी कार्यालय बंद करके फरार हो गए। बताते हैं कि उन्होंने अपने घर को भी बेच दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह के कई मामले सामने आ चुके हैं। लेकिन आरोपियों के खिलाफ कोई कार्यवाई नहीं की गई है।
पीड़िता ने इंसाफ के लिए कोर्ट की शरण ली। कोर्ट ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मामले में रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए। रहरा पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर थाना क्षेत्र के गांव उकबली निवासी राजकुमार और उसके भाई आरती लाल एवं जनपद संभल के नखासा क्षेत्र के गांव तरारपुर संदल निवासी डॉ केवल के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।