नगर की सीएचसी में संचालित चार बेड की एनबीएसयू अब आठ बेड की हो गई है। इससे पीलिया और निमोनिया से ग्रसित शिशुओं को भर्ती कराने के लिए उनके परिजनों को इधर-उधर नहीं भटकना पड़ेगा। एनबीएसयू छह रेडिएंट वार्मर मशीन, फोटो थैरेपी मशीन के साथ कई अन्य उपकरण से भी लैस हो गई। प्रभारी मंत्री केपी मलिक ने इसका उद्घाटन भी कर दिया।
गजरौला सीएचसी में अब तक चार बेड की एनबीएसयू (न्यू बोर्न स्टेबलाइज्ड यूनिट) थी। इसमें पीलिया व निमोनिया सहित अन्य बीमारी से ग्रसित नवजात भर्ती किए जाते हैं। इसके अलावा जिन बच्चों को ऊष्मा (वार्मर) की जरूरत पड़ती है, वह भी भर्ती किए जाते हैं। मगर, सिर्फ चार बेड होने से कई बार जगह न मिलने पर परिजनों को अपने बच्चे को निजी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ता था या फिर नगर से दूर जाना पड़ता था। हालांकि, अब एनबीएसयू के आठ बेड होने से कुछ हद तक राहत मिलेगी।
इसमें छह रेडिएंट वार्मर मशीन, दो फोटो थैरेपी मशीन, दो ऑयल इमरसन मशीन, ऑक्सीजन कंस्ट्रेटर, एसी, फ्रीज और चार सक्शन मशीन लगा दी गईं। सीएचसी प्रभारी डॉ. योगेंद्र सिंह ने बताया कि सक्शन मशीन नवजात के गले में बलगम रुक जाने पर निकालने का काम करती है। आठ बेड की एनबीएसयू से आसपास के लोगों को फायदा मिलेगा। प्रभारी मंत्री केपी मलिक ने फीता काटकर उद्घाटन किया। इस दौरान विधायक राजीव तरारा, सीएमओ और स्थानीय भाजपाई मौजूद रहे।
प्रभारी मंत्री ने प्रसूता से की बात
गजरौला। जिले के प्रभारी मंत्री केपी मलिक शहवाजपुर डोर गए। इसके बाद उन्होंने और विधायक राजीव तरारा ने सीएचसी का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रसव कराने वाली महिलाओं से जानकारी ली। उनको मंत्री व विधायक ने एक-एक हजार रुपये दिए। इस दौरान मंत्री से मिलने पालिका के कई सभासद भी आ गए। उन्होंने पालिका में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। इसके बाद मंत्री ने पालिका की कान्हा गोशाला में जाकर गायों का पूजन किया। उनकी आरती कर गुड़ खिलाया। इस दौरान पालिकाध्यक्ष राजेंद्री उर्फ उमा देवी, ईओ दीपिका शुक्ला, पूर्व विधायक हरपाल सिंह आदि मौजूद रहे। संवाद
लोगों ने की कॉलोनी का रास्ता खुलवाने की मांग
गजरौला। प्रभारी मंत्री केपी मलिक से अटल जी नगर कॉलोनी के लोग मिले। उन्होंने कहा कि हाईवे से पूरब की दिशा में बसी कॉलोनी में जाने के लिए 11 फीट चौड़ा रास्ता था। जिसे बंद कर दिया गया। जिससे कॉलोनी के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रभारी मंत्री से रास्ता खुलवाने की मांग की। इस बावत मंत्री को पत्र भी दिया। जिस पर निर्मल सिंह, आबिद अली, बंटी सैनी, विकास कुमार, कमल सिंह के हस्ताक्षर हैं। इस दौरान बुध बाजार मोहल्ला निवासी एक महिला ने भी प्रभारी मंत्री को पत्र देकर कहा कि कई साल पूर्व उसका किराए पर दिया था। अब किराएदार उस पर कब्जा करना चाहता है। उससे कब्जा मुक्त कराने की मांग की।
आलराउंडर अंबाला छावनी निवासी युवा कप्तान युवराज- फोटो : संवाद