अमरोहा। जिम्मेदारों की अनदेखी के कारण ग्रामीण ही नहीं, शहरी सामुदायिक शौचालय पर भी बदइंतजामी के ताले लटके हैं। लोगों की सुविधाओं को देखते हुए शहरों में जगह-जगह बनाए गए सार्वजनिक शौचालयों का इस्तेमाल नहीं हो पा रहे हैं। कहीं शौचालयों पर ताले लगे हैं तो कहीं गंदगी के अंबार लगे हैं।
देखरेख के अभाव में जहां कई शौचालय बंद हैं तो कई स्थानों पर मूलभूत संसाधन तक भी उपलब्ध नहीं है। लाखों रुपये खर्च करने के बाद भी इनका लाभ स्थानीय जनता को नहीं मिल पा रहा है।
बृहस्पतिवार को जिले में नगर निकायों के सामुदायिक शौचालयों की पड़ताल की गई तो हकीकत दावों से उल्टी निकली। अमरोहा शहर जोया, नौगांवा सादात, हसनपुर, उझारी में सामुदायिक शौचालय बदहाल स्थिति में मिले। कई शौचालय में पानी की व्यवस्था नहीं थी तो कई में गंदगी पसरी हुई थी। हकीकत में शहरी सामुदायिक शौचालय की स्थिति भी ग्रामीणों के जैसी है। जबकि विभागीय अधिकारियों की फाइलों में स्वच्छता की बयार बह रही है।