कोतवाली क्षेत्र के एक गांव से साइकिल पर सहेली के साथ ट्यूशन पढ़ने जा रही छात्रा से छेड़खानी करना युवक को महंगा पड़ गया। छात्रा ने चतुराई दिखाते हुए जंगल के रास्ते को किसी तरह से तय किया और जैसे ही शहर पास आया, युवक की बाइक की चाबी निकालकर उसकी धुनाई शुरू कर दी। मौके पर भीड़ पहुंच गईं। पुलिस की एंटी स्क्वायड टीम भी पहुंच गई।
आरोपी को पकड़ लिया गया और रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। कोतवाली पहुंची छात्रा ने बताया कि दो माह से युवक बाइक से पीछा करते आ रहा है। नौ सितंबर को कॉलेज में अमर उजाला के अपराजिता अभियान के तहत कराए गए नारी सशक्तीकरण कार्यक्रम से प्रेरित होकर हिम्मत आई। जिसके चलते मनचले की धुनाई कर दी।
बताते हैं कि कस्बे से एक किमी दूरी पर स्थित गांव निवासी एक किशोरी नगर के इंटर कालेज में कक्षा बारह की छात्रा है। रविवार को विद्यालय का तो अवकाश था, लेकिन ट्यूशन पढ़ने जाना था। सुबह करीब दस बजे छात्रा गांव ही अपनी सहपाठी छात्रा के साथ साइकिल पर सवार होकर कस्बे में ट्यूशन पढ़ने आ रही थी। रास्ते में दोनों तरफ आम के बाग हैं, सुनसान रास्ते पर एक युवक बाइक से उनका पीछा करने लगा। छात्रा से छेड़खानी की गई।
यहां छात्रा ने चतुराई दिखाई और धीरे-धीरे चलते हुए जैसे ही कस्बे में पहुंची। साइकिल रोककर मनचले के पास पहुंची और उसकी बाइक की चाबी निकालकर जेब में रख ली। इसके बाद छात्रा ने चप्पल निकालकर मनचले की पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही छात्रा के परिजन भी पहुंच गए। लोगों ने युवक की जमकर धुनाई की। सूचना मिलते ही कोतवाली से एंटी रोमियो स्क्वायड की टीम भी पहुंच गई।
आरोपी को कोतवाली लाया गया। कोतवाली में प्रभारी निरीक्षक आरपी शर्मा ने जब छात्रा को शाबाशी देते हुए पूछा कि इतनी हिम्मत तुमने कैसे दिखाई तो छात्रा ने दो टूक कहा कि नौ सितंबर को विद्यालय में अमर उजाला के अपराजिता अभियान के तहत नारी सशक्तीकरण को लेकर कार्यक्रम आयोजित हुआ था। जिसमें बताया गया था कि छात्राओं को किसी से भी डरने की जरूरत नहीं है। यदि कोई गलत करता है तो उसका मुंहतोड़ जवाब देना चाहिए। इसी के चलते यह हिम्मत आई।
नारी गरिमा को अक्षुण्ण रखने का संकल्प किया पूरा
मर्दानी बनी छात्रा ने बताया कि अमर उजाला की ओर से विद्यालय में आयोजित अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स अभियान के तहत नारी सशक्तीकरण को लेकर हुए जागरूकता कार्यक्रम में नारी गरिमा को अक्षुण्ण रखने की शपथ ली थी। शपथ को मैं भूल नहीं पाई। यह युवक मुझे दो माह से परेशान कर रहा था। मैं बहुत परेशान थी। समझ नहीं आ रहा था कि इससे पीछा कैसे छुड़ाया जाए।
इसको सबक कैसे मिले। अपराजिता कार्यक्रम में शामिल होकर मुझमें नई ऊर्जा का संचार हुआ। छात्रा ने अन्य सभी छात्राओं से अपील की है कि वह किसी से भी न घबराएं। समय और मौका देखकर आरोपियों को सबक सिखाया जा सकता है।
हसनपुर, प्रभारी निरीक्षक, आरपी शर्मा ने बताया कि इंटर की छात्रा के साथ छेड़खानी करने वाली आरोपी को छात्रा ने सबक सिखाया। थाने की एंटी रोमियो स्क्वायड टीम ने आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी नवनीत निवासी गांव करनपुर माफी के खिलाफ छेड़खानी की रिपोर्ट दर्ज की गई है।