मुरादाबाद। मैट्रीमोनियल साइट पर मुलाकात के बाद आठ माह पहले शादी के बंधन में बंधी एक टीचर अब अपने पति से अलग हो गई है। उसका आरोप है कि पति का किसी दूसरी युवती से चक्कर चल रहा है। इस संबंध में उसको उसकी ही सास और ननद से जानकारी हुई है। उसने ससुराल में प्रताड़ना का भी आरोप लगाया है। काउंसलिंग के दौरान दोनों को एकजुट करने का प्रयास किया गया लेकिन प्रयास असफल रहा।
रविवार को काउंसलिंग के लिए नारी उत्थान केंद्र पहुंची मुरादाबाद निवासी युवती ने बताया कि वह नोएडा में टीचर है। 45 हजार रुपये उसकी सैलरी है। मैट्रीमोनियल साइट के जरिए वह नोएडा के एक युवक के संपर्क में आई जो कि कोलकाता में नौकरी करता है। दोनों ने एक दूसरे को पसंद कर शादी कर ली। शादी में ज्यादातर खर्च टीचर ने ही किया था, जिस संबंध में उसने बैंक स्टेटमेंट भी पुलिस को दिखाई। लड़के पक्ष का खर्च भी उसने उठाया। पति को महंगे गिफ्ट भी दिए। वह शादी से बहुत खुश थी लेकिन बाद में पता चला कि युवक का अफेयर कोलकाता में ही रहने वाली एक युवती से है। शक होने पर पत्नी फ्लाइट से कोलकाता पहुंची। जिस वजह से दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि शादी के बाद उसको ससुराल में प्रताड़ित किया जाने लगा था। शादी में मिली पत्नी की ज्वैलरी को गिरवी रखकर पति ने लोन कंपनी से दो लाख रुपये लोन ले लिए। नारी उत्थान केंद्र की प्रभारी संध्या रावत ने बताया कि काउंसलर गरिमा सिंह ने दोनों को एकजुट करने के लिए काफी प्रयास किया लेकिन युवती अपने पति के साथ रहने को राजी नहीं हुई। दोनों आपसी सहमति से अलग हो गए। पति ने शादी में युवती द्वारा किए गए खर्च की रकम वापस करने की बात कही है।
काउंसलिंग के बाद गुस्सा शांत.. नौ दंपती रहेंगे साथ
मुरादाबाद। छोटे मोटे विवाद होने के बाद एक दूसरे से गुस्सा होकर अलग रह रहे नौ दंपती रविवार को काउंसलिंग के बाद एक दूसरे के साथ रहने के लिए राजी हो गए।
नारी उत्थान केंद्र की प्रभारी संध्या रावत ने बताया कि परिवार परामर्श केंद्र में काउंसलिंग के लिए 25 दंपती को बुलाया गया था। जिसमें काउंसलर व समाज सेवी रेहाना रहमान, एमपी सिंह, रीता सिंह सहित अन्य महिलाओं का उनके पति से विवाद खत्म करवाकर समझौता करवा दिया है। जिसमें कटघर निवासी सरिता, सिविल लाइन निवासी शालिनी, मझोला निवासी अमरीन, कुंदरकी निवासी बबली, कांठ निवासी शारदा देवी, पाकबड़ा निवासी पवन नारायण, सिविल लाइन निवासी अनीता, कटघर निवासी वसीम और मझोला निवासी पूजा सैनी शामिल हैं।