जिले की चारों विधानसभा सीटों पर शनिवार को दिव्यांगों और 80 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाताओं ने पोस्टल बैलेट से मतदान किया। लक्ष्य के सापेक्ष 1355मतदाताओं ने वोट डाले। बाकी 581 मतदाताओं के पास मतदान करने के लिए सोमवार को आखिरी मौका है। घर-घर मतदान के दौरान काफी मतदाता घर मौजूद नहीं मिले। जिस कारण मतदान कार्मियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
डीएम बीके त्रिपाठी ने बताया कि जनपद की हसनपुर, धनौरा, अमरोहा और नौगांवा सादात विधानसभा सीट पर 9070 दिव्यांग और 16617 मतदाता 80 वर्ष से अधिक उम्र के हैं। आयोग के निर्देश पर इन मतदाताओं से फार्म भरवाए गए। चारों सीटों पर केवल 277 दिव्यांग और 1659 बुजुर्गों ने सहमति दी थी। शनिवार को चारों सीट पर प्रशासन की 64 टीमों ने घर-घर जाकर पोस्टल बैलेट से मतदान कराया। सुबह आठ बजे कलक्ट्रेट से रवाना हुईं पोलिंग पार्टियां ने शाम पांच बजे तक मतदान कराया। पोलिंग पार्टियों को घर-घर जाकर मतदान कराने में काफी समय लगा। कई मतदाता मौके पर भी नहीं मिले। कार्मिकों ने कई मतदाताओं को बुलाया मतदान कराया। जबकि कुछ मतदाता तो रिश्तेदारी में गए हुए निकले। दोनों तरह से कुल 1936 मतदाताओं में से 1355 ने वोट डाले हैं। छूटे 581 मतदाताओं से सोमवार को मतदान कर सकते हैं।