अमरोहा। तिगरी गंगा मेले में सुरक्षा और कानून व्यवस्था के लिए शुक्रवार को एडीजी बरेली जोन रमित शर्मा, डीआईजी मुरादाबाद परिक्षेत्र अजय कुमार साहनी और एसपी लखन सिंह यादव ने पुलिसकर्मियों की ब्रीफिंग की। उन्होंने ड्यूटी में लापरवाही न बरतने, श्रद्धालुओं से विनम्र व्यवहार करने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए।
कोतवाली तिगरी मेला परिसर में आयोजित ब्रीफिंग में अधिकारियों ने कहा कि सभी पुलिसकर्मी निर्धारित समय पर साफ वर्दी में ड्यूटी स्थल पर पहुंचें और अपने दायित्वों की जानकारी रखें। किसी से दुर्व्यवहार या अभद्र भाषा का प्रयोग न करें। असामाजिक तत्वों और छेड़छाड़ की घटनाओं पर विशेष सतर्कता बरतें। महिला श्रद्धालुओं की शिकायतों का त्वरित निस्तारण करें।
अधिकारियों ने छोटी से छोटी घटना को गंभीरता से लेकर तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचना देने और मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ड्यूटी के दौरान दंगा नियंत्रण उपकरण, टॉर्च और जरूरी संसाधन साथ रखने को भी कहा।
ब्रीफिंग के बाद अधिकारियों ने गंगा घाट पर स्नानार्थियों की सुरक्षा और आवागमन व्यवस्था परखी। सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान एएसपी अखिलेश भदौरिया, सीओ नौगावां सादात अवधभान सिंह भदौरिया, सीओ हसनपुर पंकज कुमार त्यागी, सीओ धनौरा अंजली कटारिया और मेला प्रभारी बालेन्द्र सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।