अमरोहा। उर्दू दिवस के उपलक्ष्य में आईएम कॉलेज ओल्ड बॉयज एसोसिएशन के संयोजन में सोमवार को एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें उर्दू भाषा के महत्व और आज के दौर में इसके प्रचार-प्रसार की जरूरत पर जोर दिया। साथ ही बच्चों को उर्द सिखाने की परंपरा जारी रखने का भी आह्वान किया।
शहर के मोहल्ला पीरजादा स्थित आबिदी हाउस में कार्यक्रम आयोजित हुआ। नवाजिश नकवी ने कहा कि उर्दू भाषा सिर्फ शब्दों का कलेक्शन नहीं है बल्कि यह हमारी सांस्कृतिक आत्मा है। एसोसिएशन ने हमेशा ज्ञान और साहित्य के दिए जलाए हैं। संस्था इसी परंपरा को आगे बढ़ा रहा है। इमदाद आबिदी व यूनुस जैदी ने भी विचार रखे। शिबान कादरी ने कहा कि उर्दू के शब्दों में प्यार की खुशबू है। यह भाषा दिलों को करीब लाती है और इंसानियत सिखाती है। शानदार मुजतबा ने कहा कि उर्दू भाषा नरमी, प्यार और तहजीब की व्याख्या करने वाली है। उन्होंने घरों में उर्दू बोलने और बच्चों को उर्दू सिखाने की परंपरा को जारी रखने पर जोर दिया। इस दौरान एसोसिएशन के पदाधिकारी मौजूद रहे।