बसंत विहार मोहल्ला स्थित 132 केवीए के बिजलीघर से 33/11 केवीए मोहम्मदाबाद व अटारी मुरीदपुर बिजलीघरों को सप्लाई होती है। मोहम्मदाबाद बिजलीघर से 27 गांव जुड़े हैं, जबकि अटारी मुरीदपुर से नौ गांव। दोनों को आपूर्ति देने का 132 केवीए बिजलीघर में एक ही वे है। ‘वे’ बिजलीघर के उस पूरे सिस्टम को कहा जाता है, जिसमें कंट्रोल पैनल, आईसुलेटर, केबल लगे होते हैं। दोनों बिजलीघर का एक ही ‘वे’ होने के कारण एक बिजलीघर की आपूर्ति बाधित होने पर दूसरे की भी साथ में ही गुल हो जाती है।
दोनों से जुड़े 36 गांव अंधेरे में डूब जाते हैं। इस समस्या को दूर करने के लिए एक नया ‘वे’ बनाए जाने की तैयारी है। जिस पर 33.44 लाख रुपये खर्च होंगे। इसके लिए कुछ सामान बाहर से मंगा लिया गया है। अगले हफ्ते से काम शुरू हो जाएगा। बिजली विभाग के ट्रांसमीशन के एसडीओ सुबोध कुमार का कहना है कि वे बनाने का काम अगले हफ्ते शुरू कर दिया जाएगा। इसके बाद दोनों बिजलीघरों की समस्या दूर होगी। एक के साथ दूसरे की आपूर्ति बाधित नहीं होगी।