जैसे-जैसे चुनाव के दिन नजदीक आ रहे हैं। प्रत्याशी और उनके समर्थक वोटरों को अपने को लुभाने के लिए तरह-तरह के प्रलोभन दिये जाने की कोशिश की जा रही है। ऐसा ही एक मामला शुक्रवार को मंडी धनौरा विधानसभा क्षेत्र के गजरौला में सामने आया। एसडीएम और सीओ की छापा मारी में हवेली होटल में वोटरों का लुभाने के लिए साड़ियों, लेडीज सूट और पेंसिलों का जखीरा पकड़ा गया है।
जो वोटरों को बांटने के लिए जमा किया गया था। तमाम महिलाएं भी जमा थीं। इस मामले में उप निरीक्षक की ओर से थाने में पूर्व सांसद हरीश नागपाल समेत दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मुखबिर की सूचना पर एसडीएम यशवर्धन श्रीवास्तव और सीओ इंस्पेक्टर सिंह ने थानाध्यक्ष पीके सिंह समेत फोर्स के साथ नेशनल हाईवे पर स्थित पूर्व सांसद हरीश नागपाल की हवेली होटल पर छापा मारा। होटल परिसर में गांव चौबारा की तमाम महिलाएं बैठी मिलीं। वहीं महिलाओं को बांटने के लिए साड़ियां और लेडीज सूटों का जखीरा मिला। इसके अलावा पेंसिल भी मिली।
जिन पर भेंटकर्ता हरीश नागपाल का नाम चस्पा था। मौके से 674 लेडीज सूट, 178 साड़ियां, हरीश नागपाल नाम लिखी 900 पेंसिल पायी गईं। हालांकि मौके पर होटल स्वामी पूर्व सांसद हरीश नागपाल नहीं मिले।
थाना पुलिस ने उप निरीक्षक राजेंद्र सिंह की ओर से पूर्व सांसद हरीश नागपाल और दयाराम पुत्र रामौतार निवासी गांव चौबारा के खिलाफ प्रलोभन देने और लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है। बता दें कि हवेली भवन के मालिक हरीश नागपाल अमरोहा लोकसभा से निर्दलीय पूर्व सांसद भी रह चुके हैं।
गंभीर मामला हैं। फिलहाल साक्ष्यों के आधार पर पूर्व सांसद हरीश नागपाल और दयाराम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है। और भी नाम सामने आने पर उन पर भी कार्रवाई की जाएगी।डॉ. एसएस चनप्पा, एसपी
मैं पहले भी लोगों की मदद करता रहा हूं : हरीश
गजरौला। पूर्व सांसद हरीश नागपाल का कहना है कि वह कभी भी किसी राजनीतिक पार्टी में नहीं रहे। रही बात साड़ियां और सूट मिलने की तो मैं गरीबों की मदद पहले से ही करता आया हूं, पहले भी जब चुनाव नहीं था तब भी साड़ियां और सूट बांटे गए थे, मेरी गैर मौजूदगी में छापा मारी कर गरीबों की मदद को लाये गए साड़िया व सूट आदि को चुनाव से जोड़ कर देखा जा रहा है, प्रलोभन देने का आरोप गलत है।