अमरोहा। कार्य बहिष्कार से दूसरे दिन बिजली की आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो गई। शहर के कई मोहल्लों में दोपहर में बिजली गुल रही। वहीं जोया में भी दोपहर में बिजली ठप हो गई। घरों में महिलाएं परेशान हो गईं। हैंडपंप से काम को निपटाया। संविदा कर्मियों ने मशक्कत के बाद बिजली की आपूर्ति बहाल की। इसके बाद लोगों को राहत मिल सकी।
पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के निजीकरण के प्रस्ताव के खिलाफ जिले के इंजीनियर और कर्मचारी मंगलवार को भी हड़ताल पर रहे। इसके चलते कलेक्ट्रेट स्थित बिजलीघर में टाउन संख्या दो की बिजली गुल हो गई। दोपहर लगभग एक बजे घरों में महिलाएं काम निपटा रही थी। सुबोध नगर और पुष्कर नगर के इलाके के लोग परेशान हो गए। इस बीच बिजली गुल होने से हैंडपंप से काम निपटाना पड़ा। वहीं अहरोई बिजली घर के टाउन फीडर में दोपहर लगभग एक बजे फॉल्ट हो गया। इससे जुड़े भूड़ चौकी का इलाका, कटकुई और शिवद्वारा मोहल्ले में भी बिजली गुल हो गई। दोपहर लगभग दो बजे दोबारा कलेक्ट्रेट बिजली घर में फॉल्ट हो गया। इससे जोया नगर में बिजली गुल हो गई। इसके बाद संविदा कर्मियों की टीम फॉल्ट को दूर करने में जुट गई। मशक्कत के बाद फॉल्ट को दूर कर सके।