अज्ञात वाहन की टक्कर से अनियंत्रित दो बाइक आपस में भिड़ गईं। हादसे में बाइक सवार ई-रिक्शा चालक की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए।
मूलरूप से मंडी धनौरा थाना क्षेत्र के गांव लाड़नपुर निवासी जयकरण सिंह होमगार्ड में हैं। उनकी तैनाती गजरौला में ही है। नगर के मोहल्ला धुनपुरी निवासी 35 वर्षीय अतर सिंह पुत्र लल्लू सिंह ई-रिक्शा चलाकर परिवार का पालन पोषण करते थे। जबकि चौहानपुरी निवासी सुंदर पुत्र भगवानदास प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता था। रविवार दोपहर तीन बजे तीनों दो बाइकों पर सवार होकर तिगरी नहाने जा रहे थे।
पुलिस ने बताया कि जैसे ही उनकी बाइक कुमराला के सामने पहुंची थी। तभी किसी अज्ञात वाहन ने बाइकों में टक्कर मार दी। जिससे बाइकें अनियंत्रित होकर आपस में भिड़ गईं। हादसे में तीन लोग घायल हो गए। राहगीरों ने तीनों को सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां पर तीनों की हालत नाजुक होने पर रेफर कर दिया गया। मेरठ में उपचार के दौरान ई-रिक्शा चालक अतर सिंह की मौत हो गई। ये जानकारी चौहानपुरी के सभासद जगतपाल सिंह चौहान ने भी दी। जो मेरठ में ही घायलों के साथ हैं, जबकि होमगार्ड के बेटे और सुंदर की हालत नाजुक बनी है।
कुमराला चौकी इंचार्ज सुभाष चौधरी ने बताया कि हादसे में घायल एक की मौत की सूचना मिली है। उनका अभी परिजनों से संपर्क नहीं हो पाया है।