अमरोहा। दशहरा पर मंगलवार को शहर की यातायात व्यवस्था बदली रहेगी। जेएस हिंदू कॉलेज मैदान में रावण दहन और मेले को देखते हुए आजाद रोड पर दोपहर दो बजे से रात करीब 10 बजे तक वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। ई-रिक्शा, ऑटो और बाइक समेत किसी वाहन को रामलीला मैदान की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। यातायात पुलिस ने जाम से बचाने के लिए रूट डायवर्जन प्लान लागू किया है।
सीओ ट्रैफिक अजय श्रोतिया ने बताया कि विजयदशमी पर रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन होगा। बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रमुख चौराहों पर बैरियर लगाकर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। प्रतिबंध के बावजूद आजाद रोड की ओर वाहन ले जाने पर कार्रवाई के साथ वाहन सीज किए जा सकते हैं। कोतवाली और आंबेडकर पार्क की ओर से भी रामलीला मैदान की तरफ वाहन नहीं जा सकेंगे। आर्य समाज मंदिर चौराहे पर पुलिसकर्मी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजेंगे।
अमरोहा से मुरादाबाद जाने वाले वाहन नंदन स्वीट्स से कैलसा बाईपास होते हुए पाकबड़ा जाएंगे। नौगांवा से अमरोहा और मुरादाबाद जाने वाले वाहन यहियापुर बाईपास से, जबकि नौगांवा से दिल्ली जाने वाले वाहन रज्जाकपुर बाईपास, धनौरा बाईपास होते हुए अतरासी चौकी हाईवे की ओर जाएंगे।
अतरासी चौकी हाईवे से अमरोहा आने वाले वाहन आरटीओ से कल्याणपुरा रोड, बंबूगढ़, कांकर सराय और कांठ रोड होते हुए माया धर्मकांटा से शहर में प्रवेश करेंगे। अमरोहा से जोया, मुरादाबाद और दिल्ली जाने वाले वाहन कांकर सराय से बंबूगढ़ होते हुए जोया हाईवे जाएंगे। शहर से नौगांवा जाने वाले वाहन नंदन स्वीट्स से माया धर्मकांटा और कांठ रोड होकर गुजरेंगे। जोया से अमरोहा आने वाले वाहन बंबूगढ़ और कांकर सराय होते हुए माया धर्मकांटा या कैलसा रोड से शहर में प्रवेश करेंगे।