हर्ष फायरिंग में गोली लगने से घायल रिसाल।
- फोटो : HASANPUR
हसनपुर(अमरोहा)। कोतवाली क्षेत्र के गांव रूखालू में रविवार की शाम को बरात चढ़त के दौरान डीजे पर डांस के दौरान की गई हर्ष फायरिंग बरात देख रहे निजी शिक्षक की जांघ में गोली लग गई। शिक्षक लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। घटना से बरात में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंच गई। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया। उधर, लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस मामले में रिपोर्ट दर्ज करने की तैयारी कर रही है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव रूखालू निवासी सुक्खन सिंह की बेटी कुंती की बरात रविवार को थाना क्षेत्र के गांव अगरौला कलां से आई थी। शाम करीब पांच बजे बरात चढ़त हो रही थी। बताते हैं कि इस दौरान गांव का ही एक युवक हाथ में तमंचा लेकर डांस कर रहा था। कई बार फायरिंग की। इस दौरान गोली वहां खड़े होकर बरात देख रहे निजी शिक्षक रिसाल सिंह के लग गई। गोली जांघ में लगी। जिससे नाजुक अंग में भी बुरी तरह से चोट आई है।
बरात चढ़त के दौरान हर्ष फायरिंग व गोली गलने की सूचना मिलते ही पुलिस में खलबली मच गई। मौके पर पुलिस पहुंच गई। घायल को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद घायल को हायर सेंटर रेफर किया गया है। उधर, फायरिंग करने वाले युवक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। धुनाई के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अरविंद त्यागी का कहना है कि गोली लगने से घायल को हायर सेंटर रेफर किया है। तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।