पांच वर्षीय बालिका ने उपचार के लिए ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। वृद्घा की हालत गंभीर होने पर मुरादाबाद रेफर कर दिया गया। चालक टाटा मैजिक लेकर भाग हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा भर कर शव पोस्टमार्टम को भिजवाया। सभी वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सिरसी जा रहे थे।
तीन की मौत से गांव में कोहराम मच गया।
अमरोहा देहात थाना क्षेत्र के लालू नगला गांव निवासी इरफान का साढू संभल जिले के सिरसी कस्बे में रहता है। शनिवार को साढ़ू की बेटी की शादी थी। इरफान के भाई इलियास की पत्नी हारून जहां(40) अपने दस वर्षीय बेटे अयाज, गांव के ही फुरकान की पांच वर्षीय बेटी निशा व फुरकान की मां आक्सा के साथ उसमें शामिल होने जा रही थी। सभी ई-रिक्शा में सवार थे। डिडौली कोतवाली क्षेत्र में जोया-संभल मार्ग पर पलौला गांव के पास ई-रिक्शा को टाटा मैजिक ने टक्कर मार दी।
इसके नीचे दब जाने से हारून जहां व इसके दस वर्षीय बेटे अयाज की मौके पर ही मौत हो गई। निशा व आक्सा गंभीर रूप से घायल हो गईं। चालक टाटा मैजिक लेकर फरार हो गया। सूचना पर डिडौली कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। घायल निशा व आक्सा को जोया सीएचसी में भर्ती कराया। हादसे में मां बेटे की मौत की खबर परिजनों को दी। उधर हालत गंभीर होने पर निशा व आक्सा को रेफर कर दिया गया। मुरादाबाद ले जाते समय रास्ते में निशा ने दम तोड़ दिया। हादसे में मौत की खबर पर परिजन पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा भर कर शव पोस्टमार्टम को भेजा। परिवार में तीन की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो रोकर बुुरा हाल था।