गजरौला (अमरोहा)। डीआरएम ने रेलवे स्टेशन के नए भवन का निर्माण कार्य धीमी गति से होने पर नाराजगी जताई। कार्यदायी संस्था को तेजी लाने की चेतावनी दी। कहा कि जल्द से जल्द भवन बनाकर तैयार करें। हिदायत दी कि ढिलाई किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विज्ञापन
मुरादाबाद से आए डीआरएम को मंगलवार सुबह करीब 10.30 बजे ब्रांच लाइन से बिजनौर जाना था। अचानक रेलवे स्टेशन पर उन्होंने अपनी गाड़ी रुकवाई और निरीक्षण के लिए उतर गए। डीआरएम के औचक निरीक्षण से रेलवे के अधिकारी-कर्मचारी सकते में रह गए। डीआरएम ने स्टेशन पर अमृत भारत के तहत बनाए जा रहे नए भवन का निर्माण कार्य देखा। कार्य मंद गति से पाया जाने पर वह बिफर गए। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए। चेतावनी भरे लहजे में कहा कि स्टेशन पर निर्माण कार्य नजर नहीं आ रहा है। लापरवाही की हद है। जल्द से जल्द निर्माण कार्य पूरा करने की हिदायत दी। कहा और ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।