अमरोहा। दो दिन की छुट्टी के बाद सोमवार को जिला अस्पताल में मरीजों की भीड़ उमड़ पड़ी। डॉक्टर के कक्ष के बाहर लाइनें लगी रहीं। सबसे ज्यादा मरीज खांसी, जुकाम, बुखार के रहे। बच्चों व बुजुर्गों की संख्या अधिक रही। दवा वितरण कक्ष के बाहर, अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे, ब्लड जांच व अन्य जगहों पर भी भारी भीड़ रही।
दूसरे शनिवार और रविवार की छुट्टी के कारण जिला अस्पताल की ओपीडी बंद थी। सोमवार को सुबह आठ बजे से पहले ही काफी संख्या में मरीज जिला अस्पताल में पहुंच गए। पर्चा काउंटर पर ही मरीजों की बीच धक्कामुक्की होती रही। चिकित्सकों के कक्ष के बाहर भी मरीजों को इंतजार करना पड़ा। दवा वितरण कक्ष के बाहर भी यही हालात रहे। महिला विंग में मरीजों की भीड़ रही।
छोटे बच्चों के अलावा बुजुर्ग मरीजों की संख्या भी काफी रही। सोमवार को दोपहर दो बजे तक ओपीडी में कुल 945 मरीज पहुंचे। इसमें अधिकतर मरीज सर्दी, जुकाम व खांसी से पीड़ित मिले। जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. चरन सिंह ने बताया कि इन दिनों धूप और शीतलहर के चलते माैसम बदल रहा है। सुबह-शाम ठंड का प्रकोप ज्यादा है। इस मौसम में शरीर के प्रति थोड़ी सी लापरवाही उनकी सेहत पर गहरा असर डाल रही है।