अमरोहा। यातायात के नियमों का उल्लंघन करने से बाज नहीं आने वाले लोगों पर परिवहन विभाग और यातायात पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। सालभर में बार-बार यातायात के नियम तोड़ने वाले 411 लोगों के विभाग ने ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। साथ ही साल भर में 27 हजार लोगों के चालान भी काटे गए हैं।
यातायात नियमों को तोड़कर बिना फिटनेस, परमिट, टैक्स, पांच से अधिक चालान और लगातार हादसों में शामिल वाहन अब सड़कों पर नहीं दौड़ सकेंगे। ऐसे वाहनों की पूरी हिस्ट्री तैयार की जा रही है। हादसे के मामले में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद वाहन का सत्यापन करने के लिए पुलिस की ओर से विभाग को सूचना दी जाती है। वाहन का स्वामी कौन है। इसके अलावा यातायात पुलिस व परिवहन विभाग वाहनों के चालान और जब्त की कार्रवाई करता है। इसलिए दोनों स्तर से डाटा लेकर चालक, स्वामी और वाहन का पूरा रिकॉर्ड अलग से तैयार किया जा रहा है। इस डाटा को ऑनलाइन किया जाएगा। बीते एक महीने के आंकड़े के अनुसार 411 डीएल निलंबित किए गए हैं। जबकि 27236 वाहनाें के चालान काटे गए हैं। परिवहन विभाग के निर्देशानुसार लाल बत्ती जंप करने, ओवर स्पीड, ओवर लोडिंग, माल वाहक वाहनों में यात्रियों को ले जाने, ड्राइविंग करते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने या शराब पीकर गाड़ी चलाने जैसे अपराधों के लिए लगातार पांच से अधिक चालान पाए जाने वाले व्यक्ति निरस्त करने का प्रावधान है।
वर्जन
जिले में प्रतिदिन सैकड़ों चालक यातायात नियमों का उल्लंघन करते हैं। विभाग की ओर से हर माह 200 से अधिक वाहनों के चालान किए जाते हैं। कई वाहन ऐसे भी मिलते हैं, जिनका चालान एक महीने में चार से पांच बार रहता है। पांच बार नियम तोड़ने वाले 411 वाहन चालकों के डीएल निलंबित किए गए हैं। -महेश शर्मा, एआरटीओ