अमरोहा। कलक्ट्रेट सभागार में डीएम निधि गुप्ता वत्स ने पीएम सूर्य घर योजनांतर्गत विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की। बैठक से अनुपस्थित रहने पर अधिशासी अधिकारी नौगांवा सादात का स्पष्टीकरण के साथ एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि अधिकारी सरकार की महत्वाकांक्षी योजना में लापरवाही न बरतें। योजना के अंतर्गत जिले को आवंटित लक्ष्य के सापेक्ष शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को प्रेरित करते हुए पंजीकरण कराने के साथ ही उन्हें शत-प्रतिशत योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। ईओ धनौरा ने बताया कि उनके क्षेत्र में अब तक 28 सोलर सिस्टम लगाए जा चुके हैं, जिनमें पालिकाध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल द्वारा स्वयं भी लगवाया गया है और अन्यों को भी प्रेरित किया गया।
डीएम ने कहा कि पीएम सूर्य घर योजना मुफ्त बिजली योजना के तहत एक से 10 किलोवाट तक स्थापित संयंत्रों पर सब्सिडी का लाभ दिया जाएगा। 45 हजार से लेकर करीब 1.08 लाख रुपये का अनुदान मिलेगा। योजना का लाभ लेने के लिए नेशनल पोर्टल https://pmsuryaghar.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
एसडीएम पीओ नेडा मसीहा नजम ने बताया कि जिले में अब तक 597 सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। इस दौरान सीडीओ अश्वनी कुमार मिश्र, विद्युत विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। संवाद