डिडौली और जोया में संचालित राशन विक्रेता की शिकायत मिलने पर जिलाधिकारी बाल कृष्ण त्रिपाठी ने मौके पर जाकर निरीक्षण किया। जांच के दौरान एक किलो कम राशन मिलने की शिकायत सही पाई गई। इससे नाराज डीएम ने डीएसओ को कार्रवाई के निर्देश दिए है।
जिलाधिकारी बीके त्रिपाठी ने शनिवार को कस्बा डिडौली में राशन विक्रेता ताहिर हुसैन की दुकान पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान राशन लेने के लिए लाइन में खड़ी महिलाओं व पुरूषों ने बताया कि 25 किलो के सापेक्ष 24 किलो राशन दिया जाता है। ई-पोस मशीन से राशन वितरण को चैक किया तो पाया कि मशीन खराब है। जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए जिला पूर्ति अधिकारी से कहा कि मामले में कार्रवाई की जाए। सभी राशन की दुकानों की ई-पोस मशीन चैक करके खराब मशीनों को हटाने का निर्देश दिया। मुख्य विकास अधिकारी चंद्रशेखर शुक्ल ने डिडौली ताहिर हुसैन की दुकान का निरीक्षण किया। यहां महिलाओं से पूछताछ कि राशन पूरा मिल रहा है। एक महिला ने बताया कि छह-सात माह से राशन नहीं मिला है और अधिकतर महिलाओं ने बताया कि हमें 25 किलो की जगह पर 24 किलो राशन दिया जा रहा है। इसके साथ ही उन्होंने नगर पंचायत जोया में संचालित उचित दर विक्रेता जैबुल निसा की दुकान का निरीक्षण किया। यहां पर भी यही स्थिति मिली। जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को कठोर कार्रवाई करने की हिदायत दी।