गजरौला क्षेत्र में आंगनबाड़ी केंद्र पर गर्भवतियों की गोदभराई करते अधिकारी।
- फोटो : JPNAGAR
गजरौला। दो स्मार्ट आंगनबाड़ी केंद्र का जिलाधिकारी ने उद्घाटन करते हुए कहा कि इनसे आंगनबाड़ी केंद्र में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को खासी सहूलियत मिलेगी। इस दौरान डीएम ने गर्भवती महिलाओं की गोद भराई करते हुए उनको फलों की टोकरी वितरित की। आंगनबाड़ी को गुणवत्ता परक शिक्षा देने और शासन से आ रहे पुष्टाहार का समय से वितरण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी बालकृष्ण त्रिपाठी ने सुल्तानपुर मौलवी उर्फ नवादा में दो स्मार्ट आंगनबाड़ी केंद्र का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्र में गर्भवती महिलाओं की गोद भराई का कार्यक्रम भी किया गया। जिसमें डीएम ने गर्भवती महिलाओं को फलों की टोकरी वितरित कर उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। आंगनबाड़ी केंद्र को जुबिलेंट फैक्टरी के सहयोग से स्मार्ट किया गया है। जिसमें एलईडी और टीवी संगीत के उपकरण, बैटरी इन्वर्टर, पंखा जैसे साधन लगाए गए हैं। जिससे आंगनबाड़ी केंद्र में पढ़ने वाले बच्चों को पढ़ाने में आसानी रहे। इसके साथ ही केंद्र की दीवार पर अंग्रेजी वर्णमाला, गिनती, पहाड़ा, महीने व दिनों को आकर्षक रंगों से उकेरा गया है। दीवारों में ही पशु-पक्षियों व शिक्षण कार्य में सहयोग करने वाले चित्रों से और रंगों के माध्यम से उकेरा गया है। इस दौरान डीएम ने सभी आंगनबाड़ी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मुहैया कराने और शासन द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे दाल, चना, रिफाइंड, दलिया गर्भवती व पात्रों को समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
साथ ही कहा कि बच्चों का वजन कराने, उनको चिन्हित कर और एनआरसी में भर्ती कराने में कोई लापरवाही न बरती जाए। इस अवसर पर सीडीओ चंद्रशेखर शुक्ल, जिला कार्यक्रम अधिकारी संजीव कुमार, ब्लाक प्रमुख पति वीरेंद्र सिंह, सुनील दीक्षित, स्टाफ और ग्रामीण मौजूद रहे।