अमरोहा। जिले की 103 डिजिटल लाइब्रेरी का निरीक्षण जिला स्तरीय अधिकारी करेंगे। इसके लिए अधिकारियों को नामित किया गया है। इसमें इनका रखरखाव देखा जाएगा। किसी प्रकार की खामी मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
डिजिटल लाइब्रेरी या ई-पुस्तकालय एक ऐसा ऑनलाइन डेटाबेस है। जहां पुस्तकें, पत्रिकाएं, शोध पत्र, वीडियो और ऑडियो जैसे शिक्षण संसाधन इलेक्ट्रॉनिक रूप में उपलब्ध होते हैं। इसे इंटरनेट के माध्यम से कंप्यूटर, लैपटॉप या मोबाइल पर कहीं से भी और कभी भी एक्सेस किया जा सकता है। इसमें सामग्री टेक्स्ट, इमेज, ऑडियो और वीडियो के रूप में संग्रहित होती है। भौतिक पुस्तकों की छपाई और रख-रखाव का खर्च बचता है तथा जानकारी तुरंत मिल जाती है। इससे प्रतियोगी छात्रों को तैयारी करने में काफी मदद मिलती है। यह ग्रामीण क्षेत्रों में खोली गई है। इसमें अमरोहा ब्लॉक में 19, जोया में 20, धनौरा 16, गजरौला 15, हसनपुर 18 और गंगेश्वरी ब्लॉक में 18 लाइब्रेरी हैं। जिनका निरीक्षण किया जाएगा। जिला पंचायत राज अधिकारी नितिन कुमार ने बताया कि इनका निरीक्षण जिला स्तरीय अधिकारी करेंगे। निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर ही कार्रवाई की जाएगी।