छात्र के हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर एसपी कार्यालय पर प्रदर्शन करते हैबतपुर के ग्रामीण
- फोटो : अमर उजाला
बारह दिन पहले रजबपुर क्षेत्र के गांव हैबतपुर में हुई छात्र फरदीन के हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों और ग्रामीणों ने गुरुवार को एसपी कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। पुलिस पर नामजद आरोपियों को हिरासत में लेकर छोड़ने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों को शोर सुनकर एकत्र हुए पुलिस कर्मियों ने भीड़ को पुलिस कार्यालय से बाहर कर दिया।
25 फरवरी की शाम रजबपुर थाना क्षेत्र के गांव हैबतपुर निवासी शहाबुद्दीन के चौदह वर्षीय बेटे फरदीन की छत पर खून से लथपथ लाश मिली थी। वह चारपाई पर मृत अवस्था में पड़ा था। सूचना पर पहुंची पुलिस को मौके पर बारह बोर का तमंचा और रेती मिली थी। जिसपर पुलिस व परिजनों ने तमंचा साफ करते समय गोली चलने से फरदीन की मौत होने की आशंका जताई। लेकिन पोस्टमार्टम में मौत की वजह सिर में धारदार हथियार से वार हत्या करने की पुष्टि हुई। जिसके बाद परिजनों में हड़कंप मच गया था। हत्या के तीसरे दिन छात्र की मां की तहरीर पर चाची व तहेरी बहन और उसके पति पर हत्या करने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। लेकिन बारह दिन बाद भी पुलिस हत्यारों को गिरफ्तार नहीं कर सकी। वहीं पीड़ित परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। लेकिन साठगांठ कर उन्हें छोड़ दिया गया।