अमरोहा। ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने की तैयारी शुरू हो गई है। जिला पंचायत के पास उपलब्ध करीब 14 करोड़ रुपये से गांवों में विकास कार्य कराए जाएंगे। सीडीओ ने अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत से कार्यों के प्रस्ताव मांगे हैं। प्रस्ताव तैयार होने के बाद अनुमोदन के लिए डीएम के पास भेजे जाएंगे।
जिला पंचायत का कार्यकाल 11 जुलाई को समाप्त होने के बाद पंचायत अध्यक्ष को प्रशासक बना दिया गया है। अब पंचायत क्षेत्र में नए कार्य शुरू कराने से पहले डीएम का अनुमोदन लेना जरूरी है। प्रस्तावित कार्यों में इंटरलॉकिंग सड़कें, स्कूलों की चहारदीवारी और संपर्क मार्गों का निर्माण प्रमुख रूप से शामिल किया जाएगा।
अभी तक जिला पंचायत की ओर से कोई प्रस्ताव तैयार कर नहीं भेजा गया है, जिससे नए काम शुरू नहीं हो सके हैं। सीडीओ अश्वनी कुमार मिश्रा ने बताया कि ग्राम पंचायतों की तरह जिला पंचायत से भी विकास कार्यों के प्रस्ताव मांगे गए हैं। प्रस्तावों को प्राथमिकता के आधार पर तैयार कराकर जल्द अनुमोदन कराया जाएगा। संवाद