अमरोहा। मनरेगा माॅनिटरिंग एप की आईडी पासवर्ड न दिए जाने के विरोध में मनरेगा महिला मेट ने ब्लॉक परिसर में प्रदर्शन कर नारेबाजी की। उन्होंने मॉनिटरिंग एप की आईडी पासवर्ड जल्द उपलब्ध कराए जाने की मांग की है। चेतावनी दी है कि यदि आईडी पासवर्ड जल्द नहीं दिया गया तो वह सीडीओ कार्यालय का घेराव करेंगी।
शुक्रवार को मनरेगा महिला मेट ग्रामीण विकास समिति की जिला उपाध्यक्ष अनुज देवी के नेतृत्व में एकत्र होकर अमरोहा ब्लॉक पहुंची। यहां उन्होंने पहले पदाधिकारियों के साथ साथ बैठक की। इसके बाद ब्लॉक में मौजूद अधिकारियों से मनरेगा मॉनिटरिंग एप की आईडी पासवर्ड उपलब्ध कराने को कहा। आरोप है कि उन्होंने आईडी पासवर्ड उपलब्ध कराने से साफ इंकार कर दिया। इससे गुस्साई महिला मेट भड़क गईं। उन्होंने ब्लाक परिसर में नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। उनका कहना है कि एक सप्ताह पहले विकास भवन सभागार में हुए सीडीओ व पीडी की अध्यक्षता में प्रशिक्षण जिले की सभी महिला मेट को प्रशिक्षण दिया गया था। उसी दौरान सीडीओ ने सभी महिला मेट के फोन में मनरेगा मॉनिटरिंग एप डाउनलोड करने के बाद सभी को आईडी पासवर्ड उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे। आरोप है कि ब्लॉक कार्यालय से आईडी पासवर्ड देने से इंकार कर दिया। प्रदर्शन करने वालों में सीमा, राजकुमारी, रोशनी देवी, सावित्री, पिंकी, सविता चौहान, नीरज देवी, शहनाज खातून, मोनिका, विनोद, प्रियंका, कुसुम देवी आदि मौजूद रहीं।