अमरोहा एसपी ऑफिस में शिकायती पत्र सौंपकर आते मकनपुर शुमाली के ग्रामीण।
- फोटो : JPNAGAR
अमरोहा। किशोरी के हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों से एसपी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। जल्द ही हत्याकांड का पर्दाफाश कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। एएसपी के आश्वासन पर परिजन घर लौट गए। इसके बाद पुलिस ने अपनी जांच तेज कर दी है।
शुक्रवार को हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव मकनपुर शुमाली निवासी सुनील कुमार के साथ तमाम लोग एकत्र होकर एसपी कार्यालय पहुंचे। यहां एसपी चंद्रप्रकाश शुक्ला को शिकायती पत्र देकर बताया कि 24 सितंबर की सुबह उनकी 16 वर्षीय बेटी काजल खेत पर चारा लेने के लिए गई थी। लेकिन, वह काफी देर तक घर वापस नहीं लौटी। लिहाजा परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। इस दौरान उसका शव गांव निवासी कलुआ के गन्ने के खेत में आम के पेड़ पर दुपट्टे से लटका मिला था। उसके घुटने जमीन पर टिके हुए थे। सूचना मिलते ही ग्रामीणों में रोष फैल गया। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। परिजनों ने मुताबिक काजल की हत्या की गई थी। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज की है। परिजनों ने रझोहा निवासी युवक पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं, एएसपी ने मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
फोटो--