भाकियू शंकर की पंचायत में किसानों ने कंटेनर डिपो के लिए अधिगृहीत की जाने वाली भूमि के उचित मुआवजा दिलाने की मांग की। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिवाकर सिंह ने कंटेनर डिपो के लिए रेलवे लाइन हॉल्ट पर किसानों की करीब 700 बीघा जमीन का अधिग्रहण प्रस्तावित है।
प्राथमिक विद्यालय चक्कालीलेट हॉल्ट पर रविवार को भारतीय किसान यूनियन शंकर की पंचायत का आयोजन किया गया। इसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष दिवाकर सिंह ने कहा कि हमारा संगठन किसानों के हक की लड़ाई हर पटल पर लड़ रहा है। संगठन किसानों की सभी समस्याओं को पुरजोर तरीके से उठा रहा है।
उन्होंने कहा कि रेलवे लाइन हॉल्ट पर कंटेनर डिपो बनाए जाने का सभी किसान एक स्वर में विरोध कर रहे हैं। यह जमीन उनकी आजीविका है ओर इससे उनकी रोजी-रोटी चलती है। किसानों को जमीन का मुआवजा 40 लाख रुपये प्रति बीघा दिया जाए। एक बच्चे को योग्यता के आधार पर नौकरी दी जाए।
उधर जिले में लगातार गुलदार व तेंदुए की दस्तक से ग्रामीण दहशत में है। उन्होंने इन्हें पकड़वाने की मांग की है। साथ ही धनौरा शुगर मिल से भी किसानों का बकाया गन्ना मूल्य भुगतान 15 प्रतिशत ब्याज समेत किया जाए। सहकारी समितियों द्वारा उर्वरक खाद के साथ में किसानों को जबरन तरीके से नैनों यूरिया व नैनों डीएपी दिया जा रहा है, इस पर भी तत्काल रोक लगाई जानी चाहिए। इस दौरान प्रदेश प्रवक्ता सत्यवीर गुर्जर, विक्रम पवार, राजवीर गुर्जर, चौधरी धर्मवीर सिंह, चौधरी सोमपाल सिंह आदि मौजूद रहे।