थाना क्षेत्र के गांव मुरादपुर निवासी 24 वर्षीय सुमित की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका कटा हुआ शव अहरौला तेजवन के पास रेलवे ट्रैक पर मिला। वह हरियाणा में प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। सूचना पाकर परिजन पहुंचे। पुलिस को खबर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
विज्ञापन
थाना क्षेत्र के गांव मुरादपुर निवासी धर्मवीर सिंह किसान हैं। उनके दो बेटों में बड़ा बेटा सुमित आईटीआई उत्तीर्ण करने के बाद हरियाणा में प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। ग्रामीणों व परिजनों के मुताबिक, चार दिन पूर्व ही वह गांव से हरियाणा गया था। मंगलवार की रात दस बजे परिजनों को सूचना मिली कि उनके बेटे सुमित की मौत हो गई है। उसका ट्रेन से कटा शव अहरौला तेजवन के निकट रेलवे लाइन पर पड़ा है।
खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर रात में ही मोर्चरी पर रखवाया। बुधवार की सुबह पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। दोपहर तीन बजे परिजनों ने गांव के सामने उसका अंतिम संस्कार कर दिया। वह हरियाणा से यहां कैसे आया, पुलिस इसकी जांच कर रही है।
विज्ञापन
सीओ श्वेताभ भास्कर का कहना है कि युवक द्वारा ट्रेन से कट कर खुदकुशी करने का मामला सामने आया है। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों की सुपुर्दगी में दिया गया है।