अमरोहा। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि युवा राष्ट्र के विकास के लिए रीढ़ हैं। युवा शक्ति के दम पर भारत फिर से पूरे विश्व का सिरमौर बनने की ओर तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि लोकतंत्र के पर्व में धर्म, सम्प्रदाय, क्षेत्रवाद एवं जातिवाद से ऊपर उठकर शत प्रतिशत मतदान करना है। वह मंगलवार को वेंक्टेश्वरा यूनिवर्सिटी में युवा संवाद सम्मलेन में युवाओं संबोधित करने पहुंचे थे।
राष्ट्रीय राजमार्ग बाईपास स्थित श्री वेंक्टेश्वरा विश्वविद्यालय संस्थान में आयोजित कार्यक्रम में अनुराग ठाकुर ने कहा कि आज हम दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर बढ़ रहे हैं। अमेरिका, ब्रिटेन एवं यूरोप समेत पूरी दुनिया के लोग भारतीयों के स्वागत के लिए रेड कॉरपेट बिछा रहे हैं। भविष्य में युवाओं की भागीदारी इसमें सबसे अधिक होनी चाहिए। युवाओं के दम पर भारत लगातार आगे बढ़ रहा है। देश में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। खेल, विज्ञान व अन्य क्षेत्र में युवा लगातार देश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने उपस्थित हजारों युवाओं से शत मतदान की अपील भी की। इस दौरान डॉ. सुधीर गिरि, प्रतिकुलाधिपति डॉ. राजीव त्यागी, आईटी सेल के प्रदेश कोआर्डिनेटर नरेन्द्र भारती, भाजयुमो जिला अध्यक्ष शुभम चौधरी, सीईओ अजय श्रीवास्तव, आरएस शर्मा, डॉ. राजेश सिंह, डॉ. प्रताप सिंह, विश्वास राणा आदि मौजूद रहे।