अमरोहा। श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्राली में तेज रफ्तार डीसीएम ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में महिला सहित कई भक्त घायल हो गए। सभी श्रद्धालु श्रीमद्भागवत कथा के समापन पर पूजन सामग्री ब्रजघाट में विसर्जित करने जा रहे थे। आक्रोशित भक्तों ने जमकर हंगामा किया। भीड़ ने डीसीएम चालक को पकड़कर उसकी पिटाई की और ट्रैफिक पुलिस को सौंप दिया। साथ ही डीसीएम में तोड़फोड़ की। इसी बीच आरोपी चालक पुलिस कर्मी से हाथ छुड़ाकर भाग निकला। श्रद्धालुुओं ने पुलिस पर चालक को भगाने का आरोप लगाकर हाईवे जाम कर दिया। ट्रैफिक पुलिस कर्मी के साथ खींचतान की। मामला बढ़ता देखकर थानाध्यक्ष मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आक्रोशित भक्तों को समझाकर गंतव्य के लिए भेजा। हंगामे के चलते करीब आधा घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा।
डिडौली कोतवाली क्षेत्र के जग्गा नगला गांव में सात अक्तूबर से चल रही श्रीमद्भागवत कथा का शनिवार की सुबह समापन हुुआ था। परंपरागत तरीके से गांव में 80 से अधिक श्रद्धालु कथा वाचक संतोष शास्त्री के साथ टैक्टर-ट्राली में सवार होकर भागवत कथा की पूजन सामग्री को विसर्जन करने ब्रजघाट जा रहे थे। सभी भक्त दो ट्रैक्टर-ट्राली में सवार थे। अभी टैक्टर-ट्राली जोया में अजमत कॉम्प्लेक्स के सामने पहुंची थीं। तभी पीछे से आ रही तेज गति से डीसीएम ने टक्कर मार दी। हादसे में श्रद्धालु ऊषा देवी, कृष्ण देवी, चमन सिंह और बासु घायल हो गए। लोगों ने डीसीएम चालक को भाग कर एचडीएफसी बैंक के सामने पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई की। बाद में डीसीएम में तोड़फोड़ कर दी। मौके पर पहुंचे ट्रैफिक पुलिस कर्मी चालक को बचाया। इससे पहले पुलिस कर्मी कुछ समझ पाता, इस बीच आरोपी चालक ट्रैफिक पुलिस के सिपाही से हाथ छुड़ाकर भाग निकला। इससे नाराज श्रद्धालु पुलिस कर्मी पर बरस पड़े। उन्होंने चालक को भगाने का आरोप लगाकर सिपाही से खींचतान शुरू कर दी। इसके बाद श्रद्धालुओं ने हाईवे जाम कर दिया। थोड़ी ही देर में हाइवे के वाहनों की लंबी कतार लग गईं। मामला बढ़ता देखकर डिडौली कोतवाली प्रभारी रमेश सहरावत फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन देकर श्रद्धालुओं का गुस्सा शांत किया। इसके बाद सभी लोग ब्रजघाट के लिए रवाना हो गए। पुलिस ने डीसीएम को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। फिलहाल श्रद्धालुओं की तरह से कोई तहरीर नहीं दी गई है।
टल गया बड़ा हादसा
जोया। श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्राली में डीसीएम की टक्कर लगने के बाद भी गनीमत रही कि बड़ा हादसा टल गया। क्योंकि जोया में हाईवे पर निर्माण कार्य चल रहा है, जिसकी वजह से ट्रैफिक की रफ्तार धीमी रहती है। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त श्रद्धालुओं से भरे ट्रैक्टर- ट्रॉली की रफ्तार बेहद धीमी थी।
चौकी इंचार्ज के सामने डीसीएम में ही तोड़फोड़
जोया। ट्रैक्टर-ट्राली में टक्कर लगते ही श्रद्धालुओं का गुस्सा भड़क गया। थोड़ी ही देर में श्रद्धालुओं की भीड़ ने हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज संजीव मलिक मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आक्रोशित श्रद्धालुओं को काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। लिहाज चौकी इंचार्ज के सामने ही भीड़ ने डीसीएम में तोड़फोड़ कर दी।
टक्कर लगते ही श्रद्धालुओं में मची चीख पुकार
जोया। ट्रैक्टर-ट्राली में पीछे से डीसीएम की टक्कर लगते ही श्रद्धालुओं में चीख पुकार मच गई। जान बचाने के लिए श्रद्धालु ट्राली से कूदकर भागने लगे। चीख पुकार सुनकर स्थानीय लोग भी मौके की तरफ दौड़ पड़े। घायल चारों श्रद्धालुओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जोया में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया था।
आधा घंटा रहा जाम, घंटों रेंगे वाहन
जोया। श्रद्धालुओं के हंगामा के चलते जोया में करीब आधा घंटा जाम की स्थिति रही। मुरादाबाद और दिल्ली की तरफ से आने-जाने वाले वाहनों की लंबी लाइन लगी गई। जाम खुलने के घंटों तक जोया में हाईवे पर वाहन रेंग-रेंग कर गुजरे। ट्रैफिक और सिविल पुलिस ने यातायात दुरुस्त करने के बाद राहत की सांस ली।