मंडी धनौरा (अमरोहा)। जिम्मेदार अधिकारियों के लापरवाह रवैए व अतिक्रमण की वजह से बाईपास मार्ग पर जाम लगना रोजमर्रा की बात हो चुकी है। जाम की सर्वाधिक विकराल स्थिति नगर की शेरपुर चुंगी चौराहे पर होती है। सोमवार को भी बाईपास मार्ग पर तीन घंटे तक जाम की स्थिति रही। चौराहे पर मौजूद होमगार्ड जाम की स्थिति देखकर भी मूकदर्शक बने रहते हैं।
बाईपास मार्ग पर तहसील कार्यालय से लेकर गोलघर चौराहे तक अतिक्रमण है। बाईपास मार्ग पर तमाम दुकानदारों ने सरकारी सड़क को निजी संपत्ति मानकर सारा सामान रखा हुआ है। इससे दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। रविवार को भाई दूज पर आठ घंटे तक जाम लगा रहा। सोमवार को भी दोपहर में तीन घंटे तक जाम के हालात बने रहे। शेरपुर चुंगी पर तैनात होमगार्ड जाम को खुलवाने और ट्रैफिक को कंट्रोल करने के बजाय एक कोने में खड़े रहते हैं। ऐसा नहीं है कि इस मार्ग पर पुलिस व प्रशासन के अधिकारी न गुजरते हो। बेहद व्यस्त मार्ग होने के कारण रोजाना ही एसडीएम, तहसीलदार, थाना पुलिस के वाहन गुजरते हैं। लेकिन कोई जिम्मेदार अधिकारी लोगों की परेशानी की सुध लेने को तैयार नहीं हैं। नगर के उद्यमी विवेक अग्रवाल ने बताया कि सोमवार को वह आधा घंटे तक बाईपास मार्ग पर जाम में फंसे रहे। ऐसी शिकायत तमाम लोगों की है। लोगों का कहना है कि जब तक पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं देंगे। तब तक उनको परेशानी झेलनी होगी।
बाईपास मार्ग पर अतिक्रमण को हटाने के लिए नगर पालिका अधिकारियों को निर्देशित किया जाएगा। किसी को भी अतिक्रमण की इजाजत नहीं दी जाएगी। लोगों ने तीन दिन के भीतर अतिक्रमण स्वयं नहीं हटाया तो अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी के साथ मिलकर कार्ययोजना तैयार की जाएगी। चंद्रकांता, एसडीएम धनौरा।