अमरोहा। गाजियाबाद की कोर्ट में अधिवक्ताओं के साथ पुलिस द्वारा की गई मारपीट को लेकर सोमवार को जिलेभर के अधिवक्ता विरोध में उतर आए। जिला न्यायालय परिसर एकत्र होकर अधिवक्ताओं ने विरोध जताया। वहीं, तहसील में घटना पर रोष जताया। इसके अलावा जिले की अन्य तहसीलों में भी विरोध प्रदर्शन हुए। घटना को लेकर अधिवक्ताओं ने कलमबंद हड़ताल रखी। जिससे वादकारियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
सोमवार को अधिवक्ता जिला न्यायालय परिसर स्थित बार हॉल में एकत्र हुए और गाजियाबाद घटना की निंदा की। उन्होंने कहा कि यह घटना पूरी तरह से गलत है। इससे समाज में गलत संदेश गया है। गाजियाबाद कचहरी परिसर में पुलिस ने लाठीचार्ज किया गया है, वह अमानवीय घटना है। उनकी मांग है कि प्रकरण की जांच कराते हुए दोषी पुलिस कर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि इस प्रकरण में निष्पक्ष जांच के लिए न्यायमूर्ति उच्च न्यायालय इलाहाबाद की कमेटी में बार के सदस्य भी शामिल किए जाएं। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के समस्त न्यायालय कक्षों में कैमरे की व्यवस्था, अधिवक्ताओं की सुरक्षा की व्यवस्था करने की मांग की। बाद में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय कुमार शर्मा व सचिव नरेंद्र पोषवाल के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने मुख्य न्यायाधीश उच्च न्यायालय को संबोधित ज्ञापन जिला जज जफीर अहमद को सौंपा। इस दौरान पूर्व अध्यक्ष जयप्रकाश शर्मा, धर्मपाल सिंह, राकेश मिश्रा, परवेज अहमद, विशाल शर्मा, पुलकित शर्मा आदि मौजूद रहे। उधर, सदर तहसील बार एसोसिएशन पदाधिकारियों ने अध्यक्ष प्रमोद कुमार भटनागर के नेतृत्व में गाजियाबाद प्रकरण की निंदा करते हुए एसडीएम सदर सुधीर कुमार को ज्ञापन सौंपा। इससे पहले बार हाल में आयोजित बैठक में प्रकरण में कार्रवाई की मांग की गई। बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के आह्वान पर घटना का विरोध किया और न्यायिक कार्य से विरत रहे। इस दौरान महासचिव शकील अहमद, महफूज अली सिद्दीकी, मंसूर अहमद, सीमा सक्सेना, इरफान आदि मौजूद रहे।
अधिवक्ताओं से एकजुट रहने का आह्वान
अमरोहा। सोमवार को इंटरनेशनल एडवोकेट ऑर्गेनाइजेशन के प्रदेश महासचिव मनु शर्मा एडवोकेट के नेतृत्व में जनपद न्यायालय के अधिवक्ता दिनेश सिंह के चेंबर पर एकत्र हुए। मनु शर्मा एडवोकेट ने कहा कि विगत दिनों गाजियाबाद में निहत्थे अधिवक्ताओं पर पुलिस द्वारा किए गए बर्बरता पूर्ण लाठीचार्ज की निंदा की। अरशद भारती, अमित कुमार जैन, उषा चौधरी आदि मौजूद रहे।
अधिवक्ताओं ने गाजियाबाद पुलिस के खिलाफ किया प्रदर्शन
हसनपुर। उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के निर्देश पर तहसील बार एसोसिएशन द्वारा बार के अध्यक्ष गंगासरन खड़गवंशी के नेतृत्व में सोमवार को तहसील गेट पर एकत्र होकर गाजियाबाद पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं पर किए गए लाठी चार्ज की कड़े शब्दों में निंदा की। घायल अधिवक्ताओं को 10-10 लाख रुपए मुआवजा देने, निशुल्क चिकित्सा उपलब्ध कराने तथा दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने और जिला जज गाजियाबाद को स्थानांतरित करने की मांग की। बार एसोसिएशन ने विरोध प्रदर्शन के साथ ही न्यायालयों में कार्य बहिष्कार किया। पूर्व अध्यक्ष मुजाहिद चौधरी, महावीर सिंह चौहान पूर्व प्रमुख व महीपाल सिंह, शिवचरन सिंह, श्यौराज सिंह राणा, दिनेश गुप्ता, सुनील भटनागर रहे।
धनौरा में अधिवक्ताओं ने की हड़ताल
मंडी धनौरा। बार एसोसिएशन ने सोमवार को हड़ताल की और गाजियाबाद पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। बार एसोसिएशन की ओर से हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को संबोधित एक पत्र तहसीलदार को सौंपा गया। अध्यक्ष कुलवीर सिंह ने कहा कि गाजियाबाद के जिला जज द्वारा वकीलाें के साथ दुर्व्यवहार किया गया। पुलिस द्वारा वकीलों पर निर्ममता से लाठी चार्ज किया गया। बार एसोसिएशन ने मुख्य न्यायाधीश से जिला जज के खिलाफ कार्रवाई व लाठी चार्ज करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। महासचिव अनुराग कुमार, मदन सेन यादव, आलोक भारती, अनुज त्रिवेदी, विवेक सिंह, सर्वेश शर्मा मौजूद थे।