अमरोहा। मैं इंस्पेक्टर शोकेंद्र बोल रहा हूं, पहचाना या नहीं। मैं आपके खाते में कुछ पैसे डलवा रहा हूं, बाद में तुम मुझे ट्रांसफर कर देना। इस तरह साइबर ठगों ने इंस्पेक्टर बनाकर पुलिस पेंशनर से 15 हजार रुपये ठग लिए। मामले में एसपी के आदेश पर अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी व आईटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है।
गजरौला के मोहल्ला अवंतिका नगर चौधरी चरण सिंह चौक में रहने वाले जसवंत सिंह पुलिस पेंशनर हैं। 12 जुलाई को उनके फोन पर अन्जान नंबर से कॉल आई फोन करने वाले व्यक्ति ने हाल जाना। पुलिस पेंशनर जसवंत सिंह ने खुद के ठीक होने की बात कही। इसके बाद साइबर ठग ने इंस्पेक्टर शोकेंद्र बनकर कहा कि मैं कुछ पैसे डलवा रहा हूं, तुम मुझे ट्रांसफर कर देना। इस दौरान पुलिस पेंशनर जसवंत सिंह ने फोनपे नहीं चलने की बात कही तो उसने उनके बेटे विशाल चौधरी का नंबर ले लिया। बाद में कहा कि मैंने तुम्हें 20 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए हैं। तुम मुझे 15 हजार रुपये ट्रांसफर कर दो। इस दौरान पुलिस पेंशनर के बेटे विशाल चौधरी ने खाते में रुपये नहीं आने की बात कही तो साइबर ठग ने कहा कि थोड़ी देर में आ जाएंगे। मुझ पर विश्वास नहीं है क्या, मेरी जिम्मेदारी है। इस तरह साइबर ठगों ने उनसे 15 हजार रुपये ठग लिए। धोखाधड़ी का एहसास होने पर पुलिस पेंशनर ने मामले की शिकायत एसपी अमित कुमार आनंद से की। उनके निर्देश पर साइबर थाना पुलिस ने के खिलाफ धोखाधड़ी व आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।