परिवार के ही एक सदस्य ने चरित्र पर अंगुली उठाई तो युवती सहन न कर सकी। आरोप से क्षुब्ध युवती ने आत्मघाती कदम उठा लिया। घर में जाकर मिट्टी का तेल छिड़क कर खुद को आग के हवाले कर दिया। चीखपुकार सुनकर मौके पर पहुंचे परिजनों ने किसी तरह से आग बुझाने का प्रयास किया। बुरी तरह झुलसी युवती को सीएचसी लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के मुताबिक युवती 99 फीसदी जल चुकी है, हालत बहुत ही नाजुक है।
बताते हैं कि थाना क्षेत्र के गांव सुल्तानठेर में शुक्रवार दोपहर 12 बजे एक युवती पर उसी के परिवार के एक सदस्य ने लांछन लगाते हुए चरित्र पर अंगुली उठाई। उसे बदनाम करने की कोशिश की। इससे आहत युवती ने आत्मघाती कदम उठा लिया। अपने घर के कमरे में युवती ने स्वयं पर मिट्टी का तेल उड़ेल लिया और आग लगा ली। आग की लपटें उठने पर चीखपुकार मच गई। चीखें सुनकर मोहल्ले वाले एवं परिजन मौके पर पहुंच गए। किसी तरह से आग को बुझाया गया। लेकिन तब तक लगभग पूरा शरीर जल चुका था। बुरी तरह से झुलसी युवती को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया। चिकित्सक डा. योगेंद्र सिंह ने बताया कि युवती का शरीर 99 फीसदी जल चुका है। उसकी हालत बहुत ही नाजुक है।