दिल्ली से इंडिका कार लूटकर भाग रहे बदमाशों की हसनपुर कोतवाली के गांव करनपुर माफी के जंगल में पुलिस से मुठभेड़ हो गई। बदमाश की गोली लगने सिपाही जख्मी हो गया। वहीं, पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश भी घायल हो गया। पुलिस ने घेराबंदी कर बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है। घायल सिपाही और बदमाश को हसनपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां से मेरठ रेफर कर दिया है। पुलिस ने बदमाशों से लूटी गई कार बरामद कर ली है।
एसपी सुधीर कुमार सिंह, एएसपी ब्रजेश कुमार सिंह और सीओ अजय कुमार ने सोमवार को पुलिस कार्यालय में मुठभेड़ का खुलासा किया। एसपी ने बताया कि दिल्ली के रमेश मार्केट गली नंबर एक निवासी शिवशंकर यादव ने इंडिका कार लुटने की सूचना थाना अमर कालोनी दिल्ली में दी थी। जिसके बाद दिल्ली पुलिस बदमाशों का पीछा करते हुए अमरोहा पहुंची और कंट्रोल रूम पर बदमाशों के होने की सूचना दी। इसके बाद रजबपुर पुलिस ने चेकिंग शुरू कर दी।
पुलिस को देख बदमाशों ने कार हसनपुर की ओर मोड़ दी। हसनपुर इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार शर्मा ने दिल्ली पुलिस, अतरासी चौकी और डायल 100 पुलिस की मदद से बदमाशों की घेराबंदी शुरू कर दी। पुलिस को आता देखकर बदमाश कार लेकर कच्चे रास्ते पर भागने लगे। बाग में कीचड़ होने के कारण बदमाशों की गाड़ी फंस गई। खुद को घिरता देख बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों की गोली लगने से सिपाही अरुण कुमार जख्मी हो गया।
पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक गोली बदमाश के पैर में लगी। पुलिस ने घायल बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। जबकि, दूसरा बदमाश नवाब भागने में कामयाब रहा। एसपी के मुताबिक पकड़ा गया बदमाश अब्दुल सद्दाम बुलंदशहर के खुर्जा निवासी है। पुलिस ने उसके पास से लूटी हुई कार, अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।