शादी के डेढ़ महीने बाद दहेज लोभियों ने विवाहिता की हत्या कर दी। महिला के गले व शरीर पर चोटों के निशान हैं। बेटी की मौत के बाद मायके पक्ष के लोगों ने जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं मृतका के पिता तहरीर पर पति और सास-ससुर समेत नौ लोगों पर दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
नौगावां सादात थाना क्षेत्र के गांव कांकड़खेड़ा निवासी कामेंद्र सिंह ने आठ मार्च को अपनी बेटी पूजा (25) की शादी क्षेत्र के गांव जीरखी निवासी गौरव के साथ की थी। कामेंद्र के मुताबिक शादी के बाद से ही ससुरालिए पूजा के दहेज से प्रताड़ित करते रहे। कई बार दोनों पक्षों को पंचायतें भी हुई थीं। इसके बाद चार-छह दिन के लिए ससुरालियों की शरारत कम हो जाती थी। लेकिन, बुधवार को पति गौरव ने हार्ट अटैक से पूजा की मौत होना बताया। मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे तो पूजा के गले और अन्य शरीर के हिस्सों पर चोटों के निशान पाए गए हैं।
चोटों के बारे में पूछताछ की तो ससुराल वाले इधर-उधर की बातें करने लगे। जिसके बाद मायके पक्ष के लोगों ने दहेज के लिए पूजा की हत्या करने का आरोप लगाया। मायके वालों ने दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा भी किया। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल पर जांच पड़ताल की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। नौगावां सादात के इंस्पेक्टर के मुताबिक मृतक विवाहिता के पिता कामेंद्र की तहरीर पर पति, सास-ससुर, तीन ननद और दो बहनोई समेत नौ लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए कार्रवाई शुरू कर दी गई है।