यूपी के अमरोहा जिले के थाना क्षेत्र बछरायूं के गांव देहरी बुजुर्ग में बुधवार की सुबह गांव के ही युवक एंबुलेंस चालक सतीश के साथ ही पड़ोसी गांव लिसड़ी खुर्द की अनुसूचित जाति की युवती नीशू का शव संदिग्ध हालत में मिलने से सनसनी फैल गई। युवक के पिता की ओर से अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की तहरीर दी गई है।
घटनास्थल से लगभग 50 मीटर की दूरी पर युवक का मोबाइल और कीटनाशक मिलने की वजह से पुलिस इसे आत्महत्या मान रही है। ग्रामीणों ने दबी जुबान ऑनर किलिंग की आशंका जताई है। दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।
गांव देहरी बुजुर्ग निवासी भोले सिंह बुधवार की सुबह लगभग 10 बजे अपने खेत पर गए तो उनको खेत में दो शव दिखाई दिए तो वह बदहवास होकर चिल्लाते हुए गांव आए। इस संबंध में ग्रामीणों को जानकारी दी। एक साथ दो लाश पड़ी होने की सूचना पर गांव वाले वहां पहुंचे तो वह हैरान रह गए।
पूरा मामला पड़े - आनर किलिंग केसः मौका-ए-वारदात का हाल देख कई सवालों में घिरी पुलिस
वहां युवक और युवती की लाश पड़ी हुई थी। गौर से देखा तो युवक गांव का ही सतीश (24) और जबकि युवती पास ही के गांव की रहने वाली अनुसूचित परिवार की डाली है। अविवाहित युवती के नए बिछुए, मांग में सिंदूर और नाक में नई लौंग पहनने से मामला प्रेम प्रसंग का लगता है। दोनों के शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं थे।
देखकर लग रहा था कि दोनों को जहरीला पदार्थ दिया गया था। पुलिस ने आसपास तलाशी ली तो लगभग 50 मीटर की दूरी पर एक पेड़ के पास एक मोबाइल, चप्पल, सफेद पाउडर की पुड़िया व एक लेडीज पर्स पड़ा हुआ था।
पुलिस ने मौके पर पड़ी सभी वस्तुएं अपने कब्जे में कर लीं। पुलिस ने पंचनामा भरकर दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सतीश एक माह पहले तक 108 नंबर की एंबुलेंस पर चालक था और रात को लगभग 10 बजे एंबुलेंस पर जाने के लिए कहकर अपने घर से गया था।