अमरोहा। बाइक से खेत पर जा रहे लेखपाल को सामने से आ रहे एक मिनी ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे लेखपाल की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक को पकड़ लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। लेखपाल की मौत की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और तहसील में शोक छा गया।
ग्राम भारापुर निवासी ब्रह्मपाल सिंह रिटायर्ड फौजी थे। वह तहसील में लेखपाल के पद पर कार्यरत थे। तहसील के वसी मुस्तकम हलके पर तैनात ब्रह्मपाल सिंह गुरुवार की सुबह लगभग 7.30 बजे बाइक से खेत पर जा रहे थे। ग्राम फत्तेपुर के पास उनकी बाइक को सामने से आ रहे एक छोटे ट्रक ने टक्कर मार दी। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने वाहन चालक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना कर दी। सूचना मिलने पर परिजन भी आ गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के भाई रविंद्र की ओर से चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।