पीलीभीत से कौशांबी जा रही रोडवेज बस का मामला
शुक्रवार देर रात करीब तीन बजे गजरौला के हवेली होटल के समीप की घटना
अमर उजाला ब्यूरो
गजरौला।
राष्ट्रीय राजमार्ग-24 पर शुक्रवार देर रात चलती रोडवेज बस में महिला अधिवक्ता के साथ छेड़खानी का मामला सामने आया है। मर्दानी बनी अधविक्ता ने छेड़खानी का विरोध करते हुए बस के चालक से सीधे थाने चलने को कहा। थाने पहुंचते ही पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेज दिया। महिला अधिवक्ता रिश्ते के भाई के साथ पीलीभीत से कौशांबी जा रही थी।
पीलीभीत की 25 वर्षीय युवती अधिवक्ता है। वह शुक्रवार रात करीब 11 बजे पीलीभीत डिपो की रोडवेज बस में रिश्ते के भाई के साथ पीलीभीत दिल्ली के कौशाम्बी के लिए सवार हुई थी। बताया कि रिश्ते के भाई के साथ बस की सीट नंबर 17 पर बैठी हुई थी। जबकि उसके पीछे सीट नंबर 22 पर पीलीभीत से ही बस में सवार हुआ युवक बैठा था। जैसे ही बस मुरादाबाद से गजरौला की ओर बढ़नी शुरू हुई तो पीछे बैठे युवक ने छेड़खानी शुरू कर दी। इसके साथ ही अधिवक्ता पर भद्दे कमेंट्स करने शुरू कर दिए। पहले तो अधिवक्ता ने इसे अनसुना करना चाहा, लेकिन युवक की हरकत बढ़नी शुरू हो गईं। गजरौला के हवेली होटल से चौपला चौकी के बीच आरोपी ने अधिवक्ता पर अश्लील कमेंट्स करने शुरू किए तो अधिवक्ता ने मर्दानी बननेे में देर नहीं लगाई। आरोपी युवक को फटकारते हुए अधिवक्ता ने चालक से बस को सीधे थाने ले जाने के लिए कह दिया। चालक ने भी मामले को भांपने में देर नहीं लगाई और सीधे बस को गजरौला थाने के बाहर ले जाकर रोक दिया। यात्रियों की सहायता से आरोपी को थाने के भीतर ले जाया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया गया।
तहरीर मिलते ही छेड़खानी के आरोपी पीलीभीत के थाना व मोहल्ला फिलकान निवासी गुफरान पुत्र उस्मान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। हिरासत में लिए गए आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
- अशोक सोलंकी, थानाध्यक्ष गजरौला।