बच्ची के पिता ने लगाया हत्या का आरोप, गजरौला की आनंदा डेयरी परिसर का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
गजरौला।
नगर की आनंदा डेयरी परिसर में स्थित पानी के होज से मासूम बच्ची का शव बरामद किया गया। डेयरी कर्मचारी बच्ची की अचानक होजे में डूबने से मौत बता रहे हैं, जबकि परिजन हत्या की आशंका जताते हुए आरोप लगा रहे हैं। देररात तक डेयरी मैनेजमेंट व पीड़ित पक्ष में फैसले की चलती रही थी। पुलिस को मामले में तहरीर का इंतजार है। बच्ची की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।
नगर के शांति नगर निवासी सुमन पत्नी पीतम आनंदा डेयरी में काम करती है। शनिवार को वह अपनी डेयरी में काम कर गई थी। इस दौरान उसकी छह वर्षीय मासूम बच्ची राशि भी उसके साथ डेयरी गई थी। शाम करीब पांच बजे बच्ची अचानक गायब हो गई। तलाश किया गया, लेकिन कुछ पता नहीं लगा। फिर किसी डेयरी कर्मी द्वारा बताया गया कि हो सकता है बच्ची होज में गिरी हो। इसके बाद जेसीबी की सहायता से बच्ची को होज में तलाश कराया गया। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। करीब तीन घंटे बाद बच्ची को होज से बरामद किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। जेसीबी से तलाशने के दौरान बच्ची का पैर भी कट गया। चिकित्सकों को दिखाया गया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। डेयरी मैनेजमेंट डेयरी परिसर में होज होने की जानकारी से इंकार कर रहा है। वहीं मृतक बच्ची के परिजन बच्ची की हत्या की आशंका जता रहे हैं। मृतक बच्ची के पिता पीतम का आरोप है कि हो सकता है बच्ची हत्या कर उसे होज में फेंक दिया गया हो। हालांकि देर रात तक डेयरी मैनेजमेंट व मृतका के परिजनों में फैसले की बात चल रही थी। हालांकि पुलिस को तहरीर मिलने का इंतजार है।
अभी तक मृतक बच्ची की के परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
- अविनाश कुमार गौतम, सीओ धनौरा