गजरौला के गांव मझोला के जंगल में गन्ने के खेत से बरामद शव
अमर उजाला ब्यूरो
गजरौला।
पत्नी से अवैध संबंधों का विरोध करना युवक को मंहगा पड़ गया। आरोपी पत्नी ने तीन आशिकों के साथ मिलकर पति के मर्डर की पटकथा लिख डाली। गला घोंटकर मौत के घाट उतार दिया गया और बड़ी आसानी से गन्ने के खेत में गड्ढा खोदकर शव दफना दिया। पुलिस ने मंगलवार मध्यरात्रि गड्ढा खुदवाकर शव निकाला और पीएम को भेज दिया। मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं मामले में पुलिस ने आरोपी पत्नी समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
जनपद संभल के असमोली थाना क्षेत्र के गांव बुकनाला सादात निवासी शाने मोहम्मद उर्फ राजा (27) नौगावां सादात से दिल्ली को चलने वाली प्राइवेट बस पर कंडक्टर था। शाने मोहम्मद के भाई सय्यद मोहम्मद के मुताबिक गजरौला के मोहल्ला जलालनगर निवासी एक शादीशुदा महिला ने शाने मोहम्मद को प्रेम जाल में फंसाकर शादी कर ली। आरोप है कि महिला के चाल चलन को लेकर उसके पति शाने मोहम्मद को शक था। इसका विरोध शाने मोहम्मद अक्सर करता रहता था। बताया कि छह जुलाई को शाने मोहम्मद गांव से गजरौला के लिए गया था। लेकिन गजरौला से अचानक लापता हो गया। परिजनों द्वारा काफी तलाश करने पर भी वह नहीं मिला तो आठ जुलाई को शाने मोहम्मद के भाई सय्यद मोहम्मद ने गजरौला थाने में गुमशुदगी दर्ज कराते हुए महिला समेत चार लोगों पर शक जाहिर किया था। पुलिस उसी दिन से शाने मोहम्मद को तलाश कर रही थी। चर्चा है कि दो दिन पहले पुलिस ने गजरौला के मोहल्ला जलालनगर निवासी एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर सख्ती के साथ पूछताछ की तो उसने राज खोल दिया। बताया कि युवक का गला घोंटकर मौत के घाट उतार दिया और गन्ने के खेत में गड्ढे में दबा दिया। पुलिस ने मंगलवार रात करीब साढ़े बारह बजे हिरासत में लिए आरोपी की निशानदेही पर मझोला के जंगल से गन्ने के खेत में गड्ढा खुदवाकर शव निकलवाया और पीएम को भेज दिया।
तीन शादी कर चुकी है आरोपी महिला
गजरौला। नगर के मोहल्ला जलालनगर निवासी जिस महिला से शाने मोहम्मद ने शादी की थी। वह पहले से ही दो लोगों से शादी कर चुकी थी। बताया जाता है कि उसका चाल चलन सहीं नहीं होने की वजह से उसके पहले दोनों पति उसे छोड़ चुके हैं। इसके बाद आरोपी महिला ने शाने मोहम्मद को प्रेम जाल में फंसाकर शादी कर ली।
हत्या के षड्यंत्र में मौलाना भी शामिल
गजरौला। शाने मोहम्मद की हत्या का षड्यंत्र रचने में नगर का ही एक मौलाना भी शामिल है। मृतक शाने मोहम्मद के भाई सैय्यद मोहम्मद ने नगर के मोहल्ला जलालनगर नई बस्ती निवासी आबिद रजा को नामजद किया है। बताया जाता है कि आबिद रजा मौलाना है और वह तांत्रिक विद्या का काम भी करता था।
एक माह पुराना लग रहा था शव
गजरौला। थाना क्षेत्र के गांव मझोला के जंगल से गन्ने के खेत से गढ्ढा खुदवाकर शाने मोहम्मद का शव बाहर निकाला गया। पुलिस के मुताबिक शव देखने में ऐसा लगा रहा था जैसे करीब एक माह पुराना हो। शव पूरी तरह से गल चुका था।
आरोपी पत्नी समेत चार पर रिपोर्ट
गजरौला। थानाध्यक्ष अशोक सोलंकी ने बताया कि शाने मोहम्मद के भाई सैय्यद मोहम्मद की तहरीर पर शीशपाल निवासी रजबपुर, हुकम सिंह निवासी शकरपुर थाना रजबपुर, आबिद रजा निवासी नई बस्ती जलालनगर, व आरोपी पत्नी मोनी उर्फ मुस्कान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। बताया कि मुखबिर की सूचना पर ही शव बरामद किया गया है, लेकिन अभी किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। दबिशें दी जा रही हैं। जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।