एनआईए और एटीएस की संयुक्त कार्रवाई में संदिग्ध आतंकी मुफ्ती सुहैल के घर से बरामद आईएसआईएस के झंडे और बैनर अमरोहा में ही तैयार कराए गए थे। खुफिया तंत्र की नजर झंडे सिलने वाले दर्जी पर हैं। बताया गया है कि पूछताछ के लिए एनआईए उसे उठा सकती है।
26 दिसंबर के तड़के एनआईए और एटीएस की टीम ने शहर के मोहल्ला मुल्लाना में छापा मारकर संदिग्ध आतंकी मुफ्ती सुहैल को गिरफ्तार कर लिया था। इसके अलावा तीन और संदिग्धों की गिरफ्तारी की गई थी। छापामारी के दौरान टीम ने पिस्टल, तमंचे, कारतूस, संदिग्ध आरडीएक्स, टाइमर, आईएसआईएस के झंडे और बैनर बरामद किए थे। सूत्रों के मुताबिक पूछताछ में झंडे बैनर अमरोहा में ही तैयार करने की बात सामने आई है। अमरोहा में झंडे सिलवाए गए थे। मामले सामने आने के बाद खुफिया तंत्र झंडा तैयार करने वाले दर्जी पर नजर बनाए हुए हैं। जरूरत पड़ी तो एनआईए दर्जी से पूछताछ कर सकती है।