अमरोहा। एमए की छात्रा को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाले सिपाही पर आखिरकार देहात पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ही ली। छात्रा पिछले पंद्रह दिन से अफसरों के चक्कर लगा रही थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना देहात थाना क्षेत्र के एक गांव की है। यहीं के रहने वाले किसान की बेटी एमए फाइनल की छात्रा है। आरोप के मुताबिक छात्रा का पिछले तीन वर्षों से पड़ोसी गांव के युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवक नौकरी लगने के बाद शादी करने की बात कहता था। युवक की नौकरी यूपी पुलिस में बतौर सिपाही लग गई है। इसके बाद भी वह शादी करने की बात कहकर दुष्कर्म करता रहा। लेकिन अब सिपाही शादी करने से इंकार कर रहा है। अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगा। इतना ही नहीं शादी करने का दबाव बनाने पर छात्रा के भाई को मारने की धमकी भी दी। छात्रा सिपाही पर कार्रवाई की मांग को पिछले पंद्रह दिन से थाने के चक्कर लगा रही थी। महकमा सुनने को तैयार नहीं था। लेकिन सोमवार की रात पीड़ित छात्रा की तहरीर देहात पुलिस ने डिडौली कोतवाली क्षेत्र निवासी सिपाही गौरव के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी किरनपाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।