हसनपुर। कोतवाली क्षेत्र के गांव में बुधवार शाम को बरात चढ़त के दौरान डीजे पर गाना बजाने को लेकर जातीय संघर्ष हो गया। जमकर मारपीट व पथराव हुआ। बरात में भगदड़ मच गई। इस दौरान करीब छह से ज्यादा लोग घायल हो गए। मौके पहुंची पुलिस ने किसी तरह से हालात संभाले। घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद एक युवक को हायर सेंटर रेफर किया गया है।
बताते हैं कि बुधवार को गांव निवासी मुन्नालाल जाटव की बेटी की शादी थी। बरात देरी से करीब दो बजे गांव में पहुंची। तेज धूप की वजह से बरात नहीं चढ़ाई जा सकी। खाना खाने के बाद शाम करीब चार बजे के बाद बरात चढ़नी शुरू हुई थी। बरात में घराती एवं बराती युवक डीजे पर डांस कर रहे थे। इस दौरान डीजे पर बार-बार बजाए जा रहे एक गाने पर गांव के दूसरी जाति के कुछ युवकों ने एतराज जताया। इसी को लेकर कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। विवाद जातीय संघर्ष में बदल गया। जमकर लाठी डंडे चले एवं पथराव हुआ। इस दौरान धारदार हथियार भी चले। बरात में बवाल होने पर बरातियों में भगदड़ मच गई। बरात चढ़त को रोक दिया गया। लोगों ने इधर-उधर घरों में दुबक कर जान बचाई। मारपीट में गांव निवासी बिजेंद्र, हरिगोपाल, गौतम, सुरेश व सोनू समेत करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। मौके पर पुलिस पहुंच गई। घायलों को सीएचसी लाया गया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद सोनू को रेफर किया गया है। बताते हैं कि उसके पैरों में कुल्हाड़ी से हमला किया गया। बरात में हुए बवाल के बाद गांव में जातीय तनाव की स्थिति बनी हुई है।
- गांव में बरात चढ़त के दौरान लड़कों में मारपीट हो गई। जिसमें कुछ युवक घायल हुए हैं। उन्हें अस्पताल में पहुंचाया है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
- संजय प्रताप सिंह, कोतवाली निरीक्षक हसनपुर।