अमरोहा। देहात पुलिस ने अंतर्राज्यीय वाहन लूट गिरोहा का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने संभल और अमरोहा के 12 बदमाशों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे में ट्रक, कैंटर, कार और डीसीएम सहित अवैध शस्त्र और कारतूस बरामद हुए हैं। एक मास्टर चाभी भी मिली। पुलिस सभी बदमाशों का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है। सभी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
रविवार को वाहन लूट गिरोह का खुलासा करते हुए एसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि जनपद में लूट और चोरी की घटनाओं का खुलासा करने को टीमें गठित की गई थीं। जो लगातार बदमाशों की सुरागकशी कर रही थी। शनिवार की रात सीओ सिटी जितेंद्र कुमार के निर्देशन में देहात प्रभारी राजीव शर्मा और स्वाट टीम प्रभारी मोहित चौधरी की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए रामहट चौराहे पर डिडौली की ओर से आ रहे ट्रकों और वैगनआर को चेक करने के लिए रोका गया। लेकिन इनमें बैठे व्यक्तियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। बाद में पुलिस ने वाहनों में सवार 10 बदमाशों को अवैध शस्त्रों के साथ गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से चोरी के दो ट्रक, एक वैगनआर कार और वाहनों के लॉक खोलने वाली मास्टर चाभी बरामद की। पुलिस की पूछताछ में एक अर्न्तराज्यीय गिरोह होने का खुलासा हुआ। जो अमरोहा और आस-पास के जनपदों से बड़े वाहन लूट और चोरी करते हैं। जबकि चोरी किए गए वाहनों को चौधरपुर गांव में रिजवान कबाड़ी की दुकान पर खड़ा कर देते हैं। रिजवान अपने पिता मुन्नू और मोहम्मद उमर उर्फ बबलू की मदद से गाड़ियों के इंजन और चेचिस नंबर एवं रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट बदलकर अन्य लोगों को बेच देते थे। जबकि वाहनों के इंजन बदलने पर बचे अवशेषों को कबाड़ में बेचने का काम करते थे। बदमाशों के बताने पर चौधरपुर निवासी रिजवान और मोहम्मद उमर उर्फ बबलू को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से चोरी का कैंटर, सैंट्रो, ऑल्टो, वैगनआर, टाटा 407 और खुला इजंन बरामद किया गया। एसपी के मुताबिक आरोपी जफीर, दाउद उर्फ कुंजा, सलीम उर्फ मुल्ला ने साथियों के साथ मिलकर गजरौला में कैंटर लूट की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस टीम में देहात थाना प्रभारी राजीव शर्मा, प्रभारी स्वाट एवं सर्विलांस मोहित चौधरी, एसआई विपुल कुमार, कचहरी चौकी प्रभारी हरिसिंह, कांस्टेबल अनिल कुमार, योगेश तोमर, विवेक कुमार, विजय शर्मा आदि मौजूद रहे।
हर वाहन का अलग कोडवर्ड, हथियारों के बल पर करते थे लूटपाट
अमरोहा। हथियारबंद बदमाशों का गिरोह बेहद शातिराना अंदाज में लूटपाट की घटना को अंजाम देता था। इनके द्वारा हरके छोटे-बड़े वाहन का अलग-अलग कोडवर्ड रखा हुआ है। दिल्ली से मुरादाबाद के बीच रफ्तार भरते वाहनों को ओवरटेक कर चालक और परिचालक को हथियारों के बल पर बंधक बना लेते थे। चालक और परिचालक के साथ मारपीट कर उन्हें कहीं जंगल में फेंक वाहन लेकर रफूचक्कर हो जाते थे। इसके आलावा हाथों में खड़े वाहन भी चुरा लेते थे। इतना ही नहीं वाहन लूटने का इनका एक कोडवर्ड है। जैसे सेंट्रो कार को संतरा, वैगरआर को बैंगन, टाटा सफारी को सूट, स्कॉर्पियो को सेब और ट्रक जैसे बड़े वाहनों को 10, 12 नंबर आदि देकर एक-दूसरे से बात करते हैं। एसपी के मुताबिक इस गिरोहा का मुख्य अपराध क्षेत्र दिल्ली, एनसीआर, अमरोहा, मुरादाबाद और बिजनौर है।
ये बदमाश हुए गिरफ्तार
अमरोहा। संभल के नखासा थाना क्षेत्र के मेेहल्ला कोर्ट पूर्वी जामा मस्जिद निवासी सालिम, गांव नीमखेड़ा निवासी दाऊद उर्फ कुंजा, मांडली समसपुर निवासी जफीर व सलीम उर्फ मुल्ला, दरियापुर गांव निवासी रीनू, फतेहपुर गांव निवासी आसिम, असमोली थाना क्षेत्र के गांव मदाला निवासी नासिर, हयातनगर थाना क्षेत्र के मोहल्ला सरायतरीन निवासी जुम्मा, असमोली थाना क्षेत्र के गांव मालपुर निवासी मोहम्मद उमर उर्फ बबलू, जनपद रामपुर के शहजादनगर थाना के गांव जाधोपुर निवासी मोहर सिंह, डिडौली के चौधरपुर निवासी रिजवान और सैदनगली के गांव सब्दलपुर शर्की की मढै़या निवासी प्रदीप को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।